सीवान: बिहार के सीवान से बड़ी खबर सामने आई है, जहां गुरुवार की अहले सुबह करीब 4 बजे मंडल कारा में जिला प्रशासन की टीम ने अचानक छापेमारी की। जिलाधिकारी विजय प्रकाश मीणा के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई से जेल परिसर में हड़कंप मच गया। छापेमारी का नेतृत्व एसडीओ आशुतोष गुप्ता और एसडीपीओ प्रांजल कुमार ने किया। इस दौरान भारी संख्या में पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
करीब साढ़े तीन घंटे तक चले इस सघन तलाशी अभियान में जेल के अलग-अलग वार्डों की बारीकी से जांच की गई। अधिकारियों ने वार्डों के अंदर पहुंचकर कैदियों के सामान और जेल परिसर के विभिन्न हिस्सों की तलाशी ली। बाद में जिलाधिकारी विजय प्रकाश मीणा और एसपी भारत सोनी भी खुद मंडल कारा पहुंचे और जांच अभियान में शामिल हुए।
तलाशी के दौरान मोबाइल की बैटरी और घड़ी की स्ट्रिप बरामद होने की बात सामने आई है। हालांकि, किसी अन्य आपत्तिजनक सामान की बरामदगी को लेकर जिलाधिकारी ने पुष्टि नहीं की है।
छापेमारी के बाद जिलाधिकारी विजय प्रकाश मीणा ने मीडिया से बातचीत में बताया कि यह रूटीन चेकिंग के तहत अचानक किया गया सरप्राइज विजिट था। उन्होंने कहा कि प्रशासन की टीम ने जेल के सभी वार्डों में जाकर जांच-पड़ताल की।
अहले सुबह अचानक हुई इस कार्रवाई को लेकर जेल प्रशासन और कैदियों के बीच काफी देर तक हलचल बनी रही। जिलाधिकारी और एसपी की मौजूदगी में चली इस जांच का मकसद जेल की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेना और नियमों का पालन सुनिश्चित करना था।
फिलहाल प्रशासन की ओर से किसी बड़ी आपत्तिजनक बरामदगी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। इस छापेमारी के बाद जेल की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को लेकर प्रशासन की सक्रियता एक बार फिर सामने आई है।





