बिहार के मुजफ्फरपुर में नाला निर्माण के दौरान एक बड़ी लापरवाही ने भीषण हादसे का रूप ले लिया। सदर थाना क्षेत्र के गोबरसही-डुमरी इलाके में जेसीबी से खुदाई के दौरान भूमिगत पीएनजी गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद गैस रिसाव हुआ और जोरदार धमाका हो गया। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि 10 से अधिक लोगों के घायल होने की सूचना है। धमाके के बाद करीब दस घरों में आग लग गई। वहीं कई वाहन और निर्माण कार्य में लगी जेसीबी मशीन भी जलकर क्षतिग्रस्त हो गई।
वीओ: जानकारी के मुताबिक, इलाके में नाला निर्माण का काम चल रहा था। इसी दौरान जेसीबी से खुदाई करते समय जमीन के नीचे बिछी पीएनजी गैस पाइपलाइन फट गई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि करीब डेढ़ से दो घंटे तक गैस का रिसाव होता रहा, लेकिन समय रहते कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद अचानक जोरदार विस्फोट हुआ और पूरे इलाके में आग फैल गई।
आग की चपेट में आकर करीब दस घरों को नुकसान पहुंचा। एक थार गाड़ी, डाक विभाग की पार्सल वैन, आधा दर्जन बाइक और जेसीबी मशीन जल गई। कई मकानों की दीवारें भी क्षतिग्रस्त हुई हैं। स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य में लापरवाही का आरोप लगाया है।
पीड़ित प्रमोद कुमार के मुताबिक, उन्होंने पहले ही जेसीबी कर्मियों को खुदाई नहीं करने की चेतावनी दी थी। गैस रिसाव शुरू होने पर परिवार के लोग घर से बाहर निकल गए, जिससे उनकी जान बच गई। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई होती तो इतना बड़ा हादसा टल सकता था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। तीन दमकल गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया गया। जिला अग्निशमन अधिकारी प्रज्ञा शरण के अनुसार, गैस पाइपलाइन का कनेक्शन काट दिया गया है और स्थिति नियंत्रण में है। एसडीएम उत्सव आनंद ने भी एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि की है।
इधर, केंद्रीय जलशक्ति राज्य मंत्री और स्थानीय सांसद डॉ. राजभूषण चौधरी निषाद ने घटना पर दुख जताते हुए राहत-बचाव कार्य तेज करने और घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। साथ ही उन्होंने निष्पक्ष जांच कर लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा है।






