समस्तीपुर जिले के रोसड़ा थाना क्षेत्र में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। चकथात पूरब पंचायत के उदयपुर गांव स्थित वार्ड संख्या 16 में चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए करीब 27 लाख रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की इस घटना में लगभग 7 लाख रुपये नकद और करीब 20 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण शामिल हैं। घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, उदयपुर गांव निवासी रामयतन महतो के परिवार के सभी सदस्य रात करीब 11 बजे खाना खाने के बाद सोने चले गए थे। इसी दौरान चोर पीछे के रास्ते से घर के आंगन में दाखिल हुए। इसके बाद पूजा घर का ताला तोड़कर वहां रखी गोदरेज से नकदी और कीमती आभूषण निकाल लिए। हैरानी की बात यह है कि घर में चोरी की इतनी बड़ी वारदात हो गई, लेकिन परिवार के किसी सदस्य को इसकी भनक तक नहीं लगी।
बताया जाता है कि कुछ देर बाद घर की बेटी को किसी अनजान व्यक्ति के घर में मौजूद होने की आशंका हुई। उसने शोर मचाया, जिसके बाद परिवार के अन्य सदस्य जागकर मौके पर पहुंचे। हालांकि, तब तक चोर चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार हो चुके थे।
**शादी की खुशियों के बीच टूटा दुखों का पहाड़**
इस चोरी ने परिवार की खुशियों को बड़ा झटका दिया है। बताया जा रहा है कि रामयतन महतो के घर में कुछ ही दिनों बाद शादी होने वाली थी और फलदान की रस्म भी पूरी हो चुकी थी। शादी की तैयारियों के बीच हुई इस घटना से परिवार आर्थिक संकट और चिंता में है। जिस घर में कुछ दिनों बाद शहनाई बजने वाली थी, वहां अब चोरी की घटना को लेकर मायूसी छाई हुई है।
**पुलिस की गश्ती पर उठे सवाल, जांच में जुटी पुलिस**
घटना की सूचना मिलते ही रोसड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया। हालांकि, शुरुआती जांच में चोरों का सुराग मिलने की जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
एक ही रात में करीब 27 लाख रुपये की चोरी ने इलाके में पुलिस की रात्रि गश्ती व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से रात में गश्ती बढ़ाने, चोरी की घटना का जल्द खुलासा करने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।






