बिहार के समस्तीपुर जिले के रोसड़ा थाना क्षेत्र में सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। बड़ी दुर्गा स्थान के समीप तेज रफ्तार ट्रक की ठोकर से गंभीर रूप से घायल नाश्ते की दुकान चलाने वाले दुकानदार की इलाज के लिए समस्तीपुर ले जाने के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा है। मृतक अपने पीछे पांच छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। पिता की मौत से बच्चों के सिर से हमेशा के लिए साया उठ गया है।
**दुकान के पास खड़े होकर कर रहे थे मोबाइल पर बात**
मृतक की पहचान रोसड़ा शहर के नायक टोला निवासी 42 वर्षीय श्रवण कुमार के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, श्रवण कुमार बड़ी दुर्गा स्थान के समीप नाश्ते की दुकान चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। शुक्रवार की रात वह अपनी दुकान के पास सड़क किनारे खड़े होकर मोबाइल पर बात कर रहे थे। इसी दौरान समस्तीपुर की ओर जा रहे एक ट्रक ने उन्हें जोरदार ठोकर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
**एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल ले गए परिजन**
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल श्रवण कुमार को रोसड़ा अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। इसके बाद परिजन उन्हें लेकर घर लौट रहे थे, लेकिन रास्ते में उनकी हालत बिगड़ने लगी। इसके बाद परिजन उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए समस्तीपुर रेफर कर दिया। हालांकि, समस्तीपुर ले जाने के दौरान ही श्रवण कुमार ने दम तोड़ दिया।
**पांच बच्चों के पालन-पोषण की जिम्मेदारी पर संकट**
श्रवण कुमार की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह नाश्ते की दुकान चलाकर परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी संभालते थे। उनके निधन से पांच छोटे बच्चों के भविष्य और परिवार के भरण-पोषण को लेकर संकट खड़ा हो गया है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
**मुआवजे और कार्रवाई की मांग**
परिजनों ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ रोसड़ा पुलिस को घटना की सूचना दी है। उन्होंने हादसे में शामिल ट्रक के खिलाफ कार्रवाई करने और मृतक के आश्रित परिवार को सरकारी सहायता एवं मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है।





