
सीतामढ़ी: बिहार के सीतामढ़ी में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। रीगा थाना क्षेत्र के रेवासी-भगवानपुर बॉर्डर के पास हुई इस मुठभेड़ में पुलिस की गोली लगने से तीन अपराधी घायल हो गए। कार्रवाई बिहार STF और सीतामढ़ी पुलिस की संयुक्त टीम ने की।
बताया गया कि पुलिस टीम अपराधियों के खिलाफ ‘ऑपरेशन लंगड़ा’ के तहत कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान अपराधियों ने पुलिस टीम को निशाना बनाते हुए करीब 20 राउंड फायरिंग कर दी। अचानक हुई फायरिंग के बाद पुलिस टीम ने मोर्चा संभाला और जवाबी कार्रवाई की। पुलिस की ओर से करीब 12 राउंड फायरिंग किए जाने की बात सामने आई है।
मुठभेड़ के दौरान तीन अपराधियों को गोली लगी। घायल बदमाशों की पहचान सुनील कुमार उर्फ सुनील कुशवाहा, मणि शंकर सिंह और इंदल कुमार उर्फ इंदल महतो के रूप में हुई है। गोली लगने के बाद पुलिस ने तीनों को कब्जे में लिया और इलाज के लिए अस्पताल भेजा। बाद में बेहतर इलाज के लिए तीनों को SKMCH, मुजफ्फरपुर भेजा गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपियों के खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं। सीतामढ़ी, बेलसंड, परसौनी, पिपराही, चिरैया, रुन्नीसैदपुर, रीगा और डुमरा थानों में इनके खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज हैं। पुलिस अब इनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड को खंगाल रही है और किसी बड़े आपराधिक गिरोह से इनके संभावित संबंधों की जांच कर रही है।
वहीं, मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान बड़ी संख्या में कारतूस बरामद किए गए। पुलिस के मुताबिक 777 जिंदा कारतूस और 12 खोखे, यानी करीब 800 राउंड कारतूस बरामद हुए हैं। बरामद कारतूस अलग-अलग अत्याधुनिक हथियारों में इस्तेमाल किए जाने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।





