सीतामढ़ी। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी रविवार को एक निजी शादी समारोह में शामिल होने सीतामढ़ी पहुंचे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आया। सुरक्षा व्यवस्था से लेकर यातायात प्रबंधन तक हर छोटी-बड़ी गतिविधि पर प्रशासन की पैनी नजर थी। इसी दौरान सीतामढ़ी के जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया की ऐसी तस्वीर सामने आई, जिसने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। मुख्यमंत्री के काफिले की सुरक्षा और व्यवस्थाओं का जायजा लेने के दौरान डीएम तनय सुल्तानिया सड़क पर दौड़ते नजर आए। उनकी इस सक्रियता को देखकर मौके पर मौजूद लोग भी हैरान रह गए।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग की ओर से व्यापक तैयारियां की गई थीं। कार्यक्रम स्थल के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। वहीं, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और मुख्यमंत्री के काफिले के सुरक्षित आवागमन को लेकर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। किसी भी तरह की अव्यवस्था या सुरक्षा में चूक न हो, इसके लिए अधिकारी लगातार निगरानी कर रहे थे।
इस दौरान जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया केवल अधिकारियों को निर्देश देते ही नजर नहीं आए, बल्कि खुद सड़क पर उतरकर व्यवस्थाओं का जायजा लेते दिखे। मुख्यमंत्री के काफिले की गतिविधियों और सुरक्षा इंतजामों को लेकर उनकी सक्रियता चर्चा का विषय बन गई।
आमतौर पर जिलाधिकारी की पहचान प्रशासनिक बैठकों, सरकारी योजनाओं की समीक्षा और कार्यालयों में कामकाज के निरीक्षण से जुड़ी होती है, लेकिन सीतामढ़ी में डीएम का यह अलग अंदाज देखने को मिला। उनकी मुस्तैदी ने यह दिखाया कि महत्वपूर्ण मौकों पर प्रशासनिक जिम्मेदारी निभाने के लिए अधिकारियों का मैदान में मौजूद रहना कितना जरूरी है।
मुख्यमंत्री की सुरक्षा बेहद संवेदनशील जिम्मेदारी होती है। ऐसे में जिलाधिकारी की यह सक्रियता प्रशासनिक तत्परता का संदेश देती है। फिलहाल सड़क पर दौड़ते डीएम तनय सुल्तानिया की तस्वीर और उनका अंदाज सीतामढ़ी में लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।





