समस्तीपुर। रोसड़ा शहर के सिनेमा चौक निवासी सीताराम सहनी के नखबाल के दौरान सोमवार को बूढ़ी गंडक नदी के सीढ़ी घाट पर बड़ा हादसा हो गया। स्नान करने गई उनकी 25 वर्षीय पुत्री सोनी कुमारी और 19 वर्षीय नातिन काजल कुमारी की नदी के गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में मातम का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सीताराम सहनी के नखबाल के बाद परिवार के लोग बूढ़ी गंडक नदी के सीढ़ी घाट पर स्नान करने पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी पुत्री सोनी कुमारी और नातिन काजल कुमारी भी नदी में स्नान करने उतरीं। स्नान करने के दौरान दोनों गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं। घाट पर मौजूद लोगों की नजर पड़ने के बाद उन्हें बचाने का प्रयास शुरू किया गया।
स्थानीय लोगों की मदद से सोनी कुमारी को नदी से बाहर निकाला गया और आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, काजल कुमारी का शव घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर बरामद किया गया।
बताया गया कि मृतका काजल कुमारी सीताराम सहनी की बड़ी पुत्री की बेटी थीं और बरैठा गांव की रहने वाली थीं। वह अपने नाना के घर ननिहाल में आयोजित श्रद्ध कर्म में शामिल होने आई थीं। इसी दौरान यह हादसा हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने रोसड़ा थाना पुलिस को जानकारी दी। सूचना पर रोसड़ा थाने के एसआई राजू सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आगे की प्रक्रिया शुरू करने का प्रयास किया।
हालांकि, शोकाकुल परिजनों ने शवों का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। एक ही परिवार में दो महिलाओं की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद नाते-रिश्तेदारों और स्थानीय लोगों की भीड़ मृतक परिवार के घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दे रही है। पूरे इलाके में शोक का माहौल बना हुआ है।






