जितिया की तैयारी के बीच गेरुआ नदी में डूबी 13 वर्षीय छात्रा, सात घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन

भागलपुर। जिले के सन्हौला प्रखंड के अमडंडा थाना क्षेत्र स्थित बोडा पाठक डीह पंचायत के रानी बनिया गांव में जितिया पर्व की तैयारी के बीच दर्दनाक हादसा हो गया। सहेलियों के साथ गेरुआ नदी में नहाने गई 13 वर्षीय छात्रा तेज पानी की धार में बहकर लापता हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है, वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल है।

 

Sponsored Advertisement

जानकारी के अनुसार, नदी किनारे कई लड़कियां नहा रही थीं। इसी दौरान तीन-चार लड़कियां अचानक पानी की तेज धार की चपेट में आ गईं। घाट पर मौजूद ग्रामीणों और युवकों ने प्रयास कर तीन लड़कियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन एक बच्ची को नहीं बचाया जा सका। इसके बाद ग्रामीणों ने नदी में उसकी तलाश शुरू कर दी।

 

घटना की सूचना अमडंडा थाना पुलिस को दी गई। पुलिस टीम दलबल के साथ मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों तथा आपदा मित्रों की मदद से बच्ची की तलाश शुरू की। काफी देर तक खोजबीन के बावजूद उसका पता नहीं चल सका।

 

इसके बाद सन्हौला अंचलाधिकारी रजनीश चंद्र राय की पहल पर एसडीआरएफ की टीम को घटनास्थल पर बुलाया गया। एसडीआरएफ जवानों ने भी नदी में करीब दो घंटे तक सर्च ऑपरेशन चलाया। स्थानीय ग्रामीणों, आपदा मित्रों और एसडीआरएफ की टीम ने मिलकर करीब सात घंटे तक लगातार बच्ची की तलाश की, लेकिन तेज पानी के बहाव के कारण सफलता नहीं मिल सकी।

 

अंधेरा होने के बाद तलाशी अभियान रोकना पड़ा। इसके बाद घटनास्थल पर पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है और स्थानीय गश्ती दल भी नजर बनाए हुए है।

 

लापता छात्रा की पहचान सुरमनीयां गांव निवासी वकील सिंह की 13 वर्षीय पुत्री ममता कुमारी के रूप में हुई है। ममता आठवीं कक्षा की छात्रा थी। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि घर पर मां अपनी बेटी के लौटने का इंतजार करती रही।

 

सन्हौला अंचलाधिकारी रजनीश चंद्र राय ने बताया कि काफी खोजबीन के बावजूद ममता का पता नहीं चल सका। अंधेरा होने के कारण एसडीआरएफ टीम को परेशानी हुई। उन्होंने बताया कि दोबारा नदी में तलाशी अभियान शुरू किया जाएगा।

Related Posts

भाजपा जिला बैठक में संगठन मजबूती और आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा, बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ा।

सहरसा। भारतीय जनता पार्टी की जिला बैठक शुक्रवार को भाजपा जिला कार्यालय, पटुआहा, सहरसा में आयोजित हुई। 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान, 5 अक्टूबर को ‘सपनों का भारत’…

दुर्गा पूजा से पहले मेंटेनेंस कार्य, सहरसा के तीन फीडरों की बिजली चार घंटे रहेगी बाधित

सहरसा। आगामी दुर्गा पूजा को लेकर शहर की विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ और निर्बाध बनाए रखने के उद्देश्य से विद्युत विभाग की ओर से लाइन मेंटेनेंस का कार्य किया जाएगा।…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *