42.80 लाख की जमीन ठगी का आरोप, सरायढेला पुलिस ने आरोपी को दबोचा

धनबाद। सरायढेला थाना क्षेत्र में जमीन के नाम पर 42.80 लाख रुपये की ठगी और गैरमजरुआ सरकारी जमीन की खरीद-बिक्री के आरोप का मामला सामने आया है। मामले में सरायढेला पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पीड़ित उमेश कुमार सिंह के अनुसार, उन्होंने वर्ष 2022 में करीब 6.21 लाख रुपये प्रति कट्ठा की दर से जमीन का सौदा किया था। इसके एवज में बैंक खाते के माध्यम से कुल 42 लाख 80 हजार रुपये का भुगतान किया गया। भुगतान के बाद आरोपियों की ओर से स्टाम्प पेपर पर एग्रीमेंट भी किया गया था।

 

Sponsored Advertisement

पीड़ित का आरोप है कि सौदे के करीब एक वर्ष बाद उन्हें जानकारी मिली कि जिस जमीन का सौदा किया गया है, वह गैरमजरुआ यानी सरकारी जमीन है। इसके बाद उन्होंने जमीन पर अपना दावा छोड़ते हुए आरोपियों से अपनी रकम वापस मांगी। मामला नहीं सुलझने पर उन्होंने अदालत का रुख किया। बताया गया कि इस मामले में कोर्ट में केस लंबित है।

 

आरोप है कि रकम वापस किए बिना वर्ष 2025 में उसी जमीन को किसी दूसरे व्यक्ति को बेच दिया गया। नया खरीदार जब जमीन पर बाउंड्री कराने पहुंचा तो उमेश कुमार सिंह ने इसका विरोध किया।

 

पीड़ित ने आरोप लगाया कि राजीव रंजन, प्रभात यादव, प्रशांत, मनीष शर्मा और प्रवीण सिन्हा समेत कई लोग गिरोह बनाकर जमीन से जुड़े फर्जीवाड़े को अंजाम दे रहे हैं। आरोप है कि फर्जी बिल्डर और कंपनियों के नाम पर कार्यालय खोलकर लोगों को जमीन के नाम पर झांसे में लिया जाता है। साथ ही अधिकारियों से सांठगांठ होने का प्रभाव दिखाकर सरकारी जमीन की खरीद-बिक्री का आरोप भी लगाया गया है।

 

घटना के दौरान जब आरोपी कथित तौर पर जमीन पर घेराबंदी कराने पहुंचे तो पीड़ित ने तत्काल 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एक आरोपी को पकड़कर थाने ले गई।

 

फिलहाल सरायढेला पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है। पीड़ित ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, कथित गिरोह पर कार्रवाई और अपनी 42.80 लाख रुपये की राशि वापस दिलाने की मांग की है।

Related Posts

पलामू प्रमंडल में औद्योगिक विकास के लिए 100 एकड़ जमीन की मांग, रांची चैंबर की बैठक में उठे कई मुद्दे

पलामू। रांची में मंगलवार को फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की बैठक में पलामू प्रमंडल के औद्योगिक विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए गए। चैंबर के…

बिहार में कुदरत का कहर: गोपालगंज में टूटा जमींदारी बांध, बाढ़ में डूबी महिला की मौत; बहकर पहुंचे दो हिरण

गोपालगंज जिले के बैकुंठपुर प्रखंड में गंडक नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद जमींदारी बांध टूटने से बाढ़ का संकट गहरा गया है। शीतलपुर और पकहा गांव के बीच बांध…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *