बेतिया। जिले के मझौलिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बखरिया-करमवा सड़क पर लाल सरैया दलित बस्ती के समीप एक बोलेरो वाहन की तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से चार पैकेट में कुल 67 किलो 930 ग्राम गांजा बरामद किया गया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने बोलेरो चालक सह कारोबारी को भी गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में मझौलिया थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर अमर कुमार ने ऑफ द कैमरा जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बोलेरो के जरिए गांजा की खेप ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बखरिया-करमवा सड़क पर निगरानी शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध बोलेरो को रोककर उसकी तलाशी ली गई।
पुलिस के अनुसार, बरामद बोलेरो का रजिस्ट्रेशन नंबर BR-3PA-2412 है। वाहन की तलाशी के दौरान अलग-अलग पैकेट में रखा गांजा बरामद हुआ, जिसका कुल वजन 67 किलो 930 ग्राम बताया गया है। पुलिस ने गांजा और वाहन को जब्त कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद करीमुल्ला, पिता नबी हसन, निवासी पंचमेवा, थाना शिकारपुर के रूप में हुई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। साथ ही इस तस्करी के नेटवर्क में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी का मेडिकल जांच कराया गया। इसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेजने के लिए बेतिया न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
मझौलिया पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।






