विदेश जाने वाले सावधान! समाहरणालय में हुई जागरूकता बैठक, फर्जी एजेंटों से बचने और ई-माइग्रेट पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन की दी सलाह
जिला मुख्यालय। सुरक्षित और वैध विदेश प्रवासन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से समाहरणालय सभा कक्ष में विशेष जागरूकता बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उत्प्रवासी संरक्षक संजय कुमार ने की। इसमें विदेश में रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं और उनके परिजनों को सुरक्षित प्रवासन, जरूरी दस्तावेज और कानूनी प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई।
फर्जी एजेंटों के झांसे में न आएं
बैठक के दौरान अधिकारियों ने युवाओं को फर्जी एजेंटों और बिचौलियों से सावधान रहने की सलाह दी। बताया गया कि विदेश में नौकरी के नाम पर कई लोग आकर्षक वेतन और जल्द नौकरी दिलाने का लालच देकर ठगी कर सकते हैं। ऐसे में विदेश जाने से पहले एजेंसी की वैधता की जांच करना जरूरी है।
अधिकारियों ने कहा कि पासपोर्ट, वीजा, एम्प्लॉयमेंट कॉन्ट्रैक्ट और मेडिकल रिपोर्ट समेत सभी जरूरी दस्तावेजों की अच्छी तरह जांच कर लें। रोजगार अनुबंध में दिए गए वेतन, काम के घंटे, कार्य की प्रकृति और रहने-खाने की व्यवस्था जैसी शर्तों को समझना भी जरूरी है। साथ ही अपने मूल दस्तावेजों की प्रतियां परिवार के पास रखने की सलाह दी गई।
ई-माइग्रेट पोर्टल पर पंजीकरण जरूरी
बैठक में ई-माइग्रेट पोर्टल के महत्व पर भी चर्चा की गई। विदेश जाने वाले लोगों को पोर्टल पर पंजीकरण की प्रक्रिया और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि विदेश में किसी तरह की परेशानी या आपात स्थिति आने पर संबंधित भारतीय दूतावास या वाणिज्य दूतावास से संपर्क करना चाहिए।
संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत करें शिकायत
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना रोजगार अनुबंध के विदेश भेजना, फर्जी एजेंट द्वारा पासपोर्ट अपने कब्जे में लेना या नौकरी दिलाने के नाम पर मोटी रकम मांगना गंभीर धोखाधड़ी का संकेत हो सकता है। ऐसी स्थिति में तत्काल प्रशासन या अधिकृत सहायता केंद्र से संपर्क करने की अपील की गई।
बैठक में अमरजीत कुमार (सेक्शन पीईओ-2), सुमित कुमार (एसओ), सामान्य शाखा प्रभारी संदीप कुमार सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।





