भागलपुर में ‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, समाहरणालय गेट पर नारेबाजी

भागलपुर। कथित ‘वोट चोरी’ और मतदाता अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर सोमवार को भागलपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध-प्रदर्शन किया। अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी (AICC) और बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमिटी की ओर से समाहरणालय कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया गया। देश के विभिन्न हिस्सों में कांग्रेस की ओर से इसी मुद्दे पर विरोध कार्यक्रम आयोजित किए गए।

 

Sponsored Advertisement

प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता समाहरणालय की ओर पहुंचे। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए समाहरणालय का मुख्य गेट बंद कर दिया गया और गेट पर ताला लगा दिया गया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने गेट के बाहर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं के हाथों में पार्टी के झंडे और तख्तियां थीं।

 

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने “वोट चोर गद्दी छोड़ो” समेत कई नारे लगाए। पार्टी नेताओं ने चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार तथा निर्वाचन आयोग पर सवाल उठाए। कांग्रेस का कहना है कि मतदाताओं के अधिकार और चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित की जानी चाहिए।

 

प्रदर्शन का नेतृत्व भागलपुर कांग्रेस जिला प्रभारी राहुल सिंह चौहान सहित स्थानीय कांग्रेस नेताओं ने किया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि कथित ‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर स्थिति स्पष्ट होनी चाहिए और मतदाता अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर कार्रवाई की जानी चाहिए। कांग्रेस नेताओं ने यह भी कहा कि उनकी मांगों को लेकर आंदोलन आगे जारी रहेगा।

 

इस दौरान प्रशासन की ओर से सुरक्षा के इंतजाम किए गए थे। समाहरणालय के आसपास और प्रमुख रास्तों पर पुलिस बल की तैनाती रही। प्रदर्शन के दौरान किसी बड़े उपद्रव की सूचना नहीं है।

 

प्रशासन की ओर से एटीएम ने बताया कि प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर वहां से भेज दिया गया। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदर्शन से पहले प्रशासन को आवेदन या सूचना मिलने के संबंध में प्रदर्शनकारियों से जानकारी ली गई थी। प्रशासन के अनुसार, पूरे कार्यक्रम के दौरान कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य रही।

Related Posts

अधिवक्ता से कथित पुलिस दुर्व्यवहार के विरोध में जमुई में न्यायिक कार्य का बहिष्कार, कचहरी मार्ग पर प्रदर्शन

जमुई। अधिवक्ता रुपेश कुमार सिंह के साथ पुलिस द्वारा किए गए कथित दुर्व्यवहार के विरोध में सोमवार को जमुई व्यवहार न्यायालय के अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्य का बहिष्कार किया। अधिवक्ताओं…

सुल्तानगंज में नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई, 495 ग्राम गांजा और एक लीटर देशी शराब के साथ महिला गिरफ्तार

भागलपुर। सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के गंगटी इलाके में पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, महिला के…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *