आरा/कोईलवर: कोईलवर थाना क्षेत्र के कायमनगर-आरा बाइपास पर गुरुवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रॉन्ग साइड से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरे की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे पटना रेफर कर दिया।
मृतक की पहचान कोईलवर नगर पंचायत के वार्ड नंबर 10 निवासी सहजाद आलम उर्फ सोनू राईन, उम्र करीब 36 वर्ष, के रूप में हुई है। वहीं, घायल युवक वार्ड नंबर छह निवासी बउआ राईन बताया जा रहा है। घटना गुरुवार सुबह करीब सात बजे की है।
बताया गया कि दोनों युवक पेशे से फल-सब्जी विक्रेता थे और एक ही बाइक पर सवार होकर फल-सब्जी खरीदने के लिए आरा मंडी जा रहे थे। जैसे ही दोनों पटना-बक्सर फोरलेन एनएच से उतरकर कायमनगर-आरा बाइपास की ओर बढ़े, इसी दौरान सामने से रॉन्ग साइड में आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने दोनों घायलों को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल आरा पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान सहजाद आलम उर्फ सोनू राईन की मौत हो गई। वहीं, बउआ राईन की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया।
सोनू की मौत की खबर जैसे ही कोईलवर पहुंची, इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। परिजन रोते-बिलखते सदर अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। घटना की सूचना पर नगर पंचायत कोईलवर के मुख्य पार्षद सरताज आलम भी सदर अस्पताल पहुंचे।
पुलिस फरार ट्रक चालक की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।





