जामताड़ा। साइबर अपराध के लिए चर्चित जामताड़ा में पुलिस ने आरटीओ ई-चालान के नाम पर साइबर ठगी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों फर्जी एपीके फाइल भेजकर लोगों के मोबाइल की गोपनीय जानकारी हासिल करते थे और इसके बाद खातों से पैसे की निकासी करते थे।
पुलिस के अनुसार, जामताड़ा के पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई। साइबर अपराध के पुलिस उपाधीक्षक अमित कुमार के निर्देश पर विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र के सुन्दरजोरी गांव स्थित सोनू कुमार मंडल के घर पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गौतम कुमार मंडल (21 वर्ष) और सोनू कुमार मंडल (19 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों सुन्दरजोरी गांव के ही रहने वाले बताए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी साइबर ठगी के लिए लोगों के व्हाट्सऐप नंबर पर आरटीओ ई-चालान से संबंधित एपीके फाइल इंस्टॉल करने का मैसेज भेजते थे। मैसेज पर भरोसा कर जैसे ही कोई व्यक्ति फाइल डाउनलोड और इंस्टॉल करता था, उसके मोबाइल में मौजूद गोपनीय जानकारी आरोपियों तक पहुंचने की आशंका रहती थी। इसके बाद कथित तौर पर ई-वॉलेट समेत अन्य माध्यमों से बैंक खातों से रकम निकाल ली जाती थी।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से चार मोबाइल फोन और तीन सिम कार्ड बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के आधार पर साइबर ठगी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और अलग-अलग राज्यों में फैले नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
मामले में साइबर अपराध थाना में कांड संख्या 60/26, दिनांक 21 सितंबर 2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने बीएनएस 2023, आईटी एक्ट और टेलीकम्युनिकेशन एक्ट 2023 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
रिपोर्ट: संतोष कुमार, जामताड़ा






