भागलपुर। नाथनगर कांवरिया संघ की बहुप्रतीक्षित कांवर यात्रा का भव्य शुभारंभ श्रद्धा और उत्साह के माहौल में हुआ। यात्रा में करीब 35 बड़े-बड़े कांवर शामिल रहे। संघ के पदाधिकारियों, सदस्यों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। यात्रा के दौरान पूरा इलाका धार्मिक उल्लास और भक्तिमय माहौल से सराबोर नजर आया।
कांवर यात्रा में संघ के अध्यक्ष वकील साह के अलावा राजेश यादव, आशीष कुमार, अनमोल यादव, गोपाल यादव, रंजन यादव, नागौ यादव, दिलीप यादव और मोनू खटीक समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कांवरिया शामिल हुए। श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ कांवर लेकर यात्रा में आगे बढ़े।
यात्रा के दौरान पासी टोला दुर्गा स्थान पहुंचने पर संघ के पदाधिकारियों और सभी कांवरियों का भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। यहां श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा को भोग अर्पित किया। इसके बाद सभी कांवरियों और श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। पूजा-अर्चना के दौरान श्रद्धालुओं ने सुख-समृद्धि और मंगलकामना की प्रार्थना की।
दुर्गा स्थान से पूजा-अर्चना के बाद कांवरियों का जत्था केबी लाल रोड होते हुए बाबा मनसकामना नाथ मंदिर पहुंचा। इसके बाद घोसी टोला और बम भोकरानाथ के रास्ते सभी कांवरिया सुल्तानगंज के लिए रवाना हुए। यात्रा के पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। जगह-जगह लोगों ने कांवरियों का स्वागत किया और धार्मिक जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
संघ के अनुसार, 21 सितंबर 2026, सोमवार को सभी कांवरिया सुल्तानगंज स्थित बाबा अजगैबीनाथ धाम पहुंचेंगे। यहां पूजा-अर्चना करने के बाद पवित्र गंगाजल भरकर कांवर यात्रा देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए रवाना होगी।
कांवरिया संघ के सदस्यों ने बताया कि यात्रा का उद्देश्य श्रद्धा और आस्था के साथ बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक करना है। यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है। संघ के पदाधिकारियों ने सभी कांवरियों से यात्रा के दौरान अनुशासन बनाए रखने और आपसी सहयोग के साथ आगे बढ़ने की अपील की है।






