
हाजीपुर-मुजफ्फरपुर मुख्य मार्ग पर दिग्घी जेल के समीप शुक्रवार को हुए भीषण सड़क हादसे में एक अधिवक्ता की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि वाहन में सवार तीन अन्य लोग सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, मुजफ्फरपुर की ओर से हाजीपुर आ रही वैगनआर कार में चार लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि दिग्घी जेल के आगे अचानक एक जानवर के सड़क पार करने और सामने से आ रहे ट्रक से बचने के प्रयास में कार अनियंत्रित हो गई। इसके बाद कार सड़क किनारे लगी रेलिंग से टकरा गई और कई बार पलट गई।
दुर्घटना में कार सवार कुंदन साहनी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद सदर थाना पुलिस और अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा।
बताया गया कि कार में सवार सभी लोग अधिवक्ता थे और वैशाली जिला अधिवक्ता संघ के पीपी श्याम बाबू राय के सहकर्मी बताए जा रहे हैं। सभी लोग एक श्राद्ध कर्म के भोज में शामिल होने के बाद हाजीपुर लौट रहे थे। हादसे की सूचना मिलने के बाद अधिवक्ता समुदाय में भी शोक की लहर है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। ग्रामीण एसपी समेत पुलिस के अन्य अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और दुर्घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। वहीं, दुर्घटना में क्षतिग्रस्त कार की भी जांच की जा रही है। पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी जुटाने के साथ हादसे के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने को दुर्घटना की वजह माना जा रहा है।






