जहानाबाद शहर के विभिन्न होटलों में अनैतिक गतिविधियां संचालित होने की सूचना पर पुलिस ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की। एसपी कोटा किरण कुमार के निर्देश पर सदर डीएसपी अनिकेत दुबे के नेतृत्व में शहर के सात से अधिक होटलों में एक साथ छापेमारी की गई। इस दौरान अलग-अलग होटलों से कुल 25 लोगों को हिरासत में लिया गया। सभी को नगर थाना लाकर पूछताछ की जा रही है।
**सात से अधिक होटलों में चला छापेमारी अभियान**
पुलिस टीम ने सबसे पहले मुरलीधर रेस्ट हाउस में छापेमारी की, जहां से एक जोड़े को हिरासत में लिया गया। इसके बाद मातारा होटल में कार्रवाई के दौरान छह जोड़े मिले। वहीं, शांति होटल और राजा राम होटल से एक-एक जोड़े को हिरासत में लिया गया। प्लस इन होटल में भी एक जोड़े को पकड़ा गया। इसके अलावा नीलकमल होटल सहित शहर के अन्य होटलों में भी पुलिस ने जांच अभियान चलाया।
**होटल संचालकों में मचा हड़कंप**
अचानक हुई पुलिस की इस कार्रवाई से शहर के होटल संचालकों में हड़कंप मच गया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने होटलों में ठहरे लोगों के पहचान पत्र और अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच की। इस अभियान में नगर थानाध्यक्ष आलोक कुमार सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी शामिल रहे।
**एसपी के निर्देश पर हुई कार्रवाई**
कार्रवाई के बाद सदर डीएसपी अनिकेत दुबे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि पुलिस को कुछ होटलों में संदिग्ध गतिविधियों और अनैतिक काम संचालित होने की गुप्त सूचना मिली थी। इसी आधार पर विशेष अभियान चलाया गया। हिरासत में लिए गए सभी लोगों से पूछताछ की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
**नाबालिग से जुड़ा मामला मिलने पर होगी सख्त कार्रवाई**
डीएसपी ने कहा कि जांच के दौरान यदि किसी नाबालिग से संबंधित मामला सामने आता है तो संबंधित होटल संचालक के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया कि शहर में अनैतिक गतिविधियों और अन्य अवैध कार्यों पर रोक लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।





