CIA परीक्षा के नाम पर छात्रों से 1100 रुपये वसूली का आरोप, विरोध के बाद परीक्षा स्थगित

मधेपुरा। बीएन मंडल विश्वविद्यालय की संबद्ध इकाई आरपीएम डिग्री कॉलेज, तुनियाही में सेमेस्टर-6 की CIA परीक्षा के नाम पर छात्रों से 1100 रुपये शुल्क लिए जाने का मामला सामने आया है। मंगलवार को छात्रों ने शुल्क वसूली का विरोध किया। विवाद बढ़ने के बाद कॉलेज प्रशासन ने 15 और 16 सितंबर को प्रस्तावित CIA परीक्षा को स्थगित कर दिया।

छात्रों का आरोप है कि कॉलेज प्रशासन की ओर से 1100 रुपये जमा किए बिना परीक्षा में शामिल होने की अनुमति नहीं देने की बात कही जा रही थी। इस संबंध में कॉलेज की ओर से नोटिस भी जारी किया गया है। प्रभारी प्रधानाचार्य द्वारा 11 सितंबर को जारी नोटिस में प्रायोगिक परीक्षा के लिए परीक्षार्थियों से 1100 रुपये परीक्षा शुल्क लिए जाने का उल्लेख किया गया है।

Sponsored Advertisement

बताया गया कि कुछ छात्रों ने कॉलेज में निर्धारित शुल्क जमा भी किया है। शुल्क जमा करने वाले छात्रों को कॉलेज की ओर से रसीद भी दी गई है। वहीं, कई छात्रों ने इस शुल्क को लेकर आपत्ति जताते हुए वसूली का विरोध शुरू कर दिया।

छात्रों का कहना है कि उन्होंने मामले को लेकर कॉलेज के स्टाफ से बातचीत कर शुल्क वसूली के संबंध में जानकारी मांगी, लेकिन उनकी आपत्ति पर कोई सुनवाई नहीं हुई। छात्रों ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर उन्हें कॉलेज से बाहर निकालने की धमकी भी दी गई।

विवाद बढ़ने के बाद छात्रों ने मामले की शिकायत बीएन मंडल विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. अरुण कुमार झा से की। छात्रों ने विश्वविद्यालय से पूरे मामले में हस्तक्षेप कर परीक्षा शुल्क वसूली की स्थिति स्पष्ट करने और उचित कार्रवाई की मांग की।

मामले में विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. अरुण कुमार झा ने स्पष्ट किया कि विश्वविद्यालय की ओर से CIA परीक्षा के लिए किसी प्रकार का शुल्क निर्धारित नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय ने CIA परीक्षा के नाम पर छात्रों से शुल्क की वसूली करने को लेकर कोई निर्देश जारी नहीं किया है।

विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक के इस बयान के बाद कॉलेज में शुल्क वसूली को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। फिलहाल 15 और 16 सितंबर को होने वाली CIA परीक्षा स्थगित कर दी गई है। अब छात्रों की नजर विश्वविद्यालय और कॉलेज प्रशासन की अगली कार्रवाई पर है। परीक्षा दोबारा कब आयोजित होगी, इसे लेकर कॉलेज की ओर से नया कार्यक्रम जारी किया जाना बाकी है।

Related Posts

रोक के आदेश के बावजूद दाखिल-खारिज का आरोप, महिषी अंचल कर्मचारी और आरओ पर कार्रवाई की मांग

सहरसा। जिले के महिषी अंचल में न्यायालय के रोक आदेश के बावजूद विवादित जमीन का दाखिल-खारिज किए जाने का मामला सामने आया है। मामले को लेकर मुरली निवासी शुभंकर चौधरी…

सहरसा में सफाईकर्मियों का समाहरणालय गेट पर धरना, आठ दिनों से हड़ताल; वेतन कटौती और शोषण के आरोप

सहरसा। नगर पंचायत सोनवर्षाराज में कार्यरत सफाईकर्मियों की विभिन्न मांगों और कथित शोषण के विरोध में मंगलवार को समाहरणालय गेट पर धरना-प्रदर्शन किया गया। अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ के…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *