
दरभंगा जिले के मनीगाछी के बाजितपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक घर से 121 किलो 250 ग्राम गांजा जैसा पदार्थ बरामद किया है। बरामद पदार्थ चार प्लास्टिक बोरों में छिपाकर रखा गया था। इसकी अनुमानित कीमत 20 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, मैना रहिका निवासी लालटून साह पर आरोप है कि उसने गांजा जैसा पदार्थ अपने रिश्तेदार सोनी देवी के घर में छिपाकर रखा था। गुप्त सूचना मिलने के बाद पुलिस ने पहले लालटून साह के घर की तलाशी ली, लेकिन वहां से कोई मादक पदार्थ बरामद नहीं हुआ। इसके बाद पुलिस को जानकारी मिली कि सामान रिश्तेदार के घर के एक कमरे में छिपाकर रखा गया है।
सूचना के आधार पर बेनीपुर एसडीपीओ बासुकीनाथ झा और मनीगाछी बीडीओ की मौजूदगी में संबंधित घर की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कमरे में कपड़े से ढककर रखे गए चार बोरे मिले। पुलिस ने जब बोरों को खोलकर जांच की तो उसमें गांजा जैसा पदार्थ बरामद हुआ। वजन करने पर इसकी कुल मात्रा 121 किलो 250 ग्राम पाई गई।
पुलिस ने बरामद पदार्थ को जब्त कर लिया है। पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई। मामले में आरोपी लालटून साह फिलहाल फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में गांजा जैसा पदार्थ कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई किन लोगों तक की जानी थी। पुलिस संभावित सप्लायर और खरीदारों की भी जानकारी जुटा रही है।
बेनीपुर एसडीपीओ बासुकीनाथ झा ने बताया कि मामले की जांच जारी है। बरामद पदार्थ और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। सप्लायर से लेकर खरीदारों तक जुड़े लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।





