जामताड़ा। मारपीट और अपहरण के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे दो आरोपियों के खिलाफ जामताड़ा पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के घर पर इश्तहार चिपकाकर उन्हें न्यायालय के समक्ष हाजिर होने की चेतावनी दी है। साथ ही पुलिस टीम ने गांव में ढोल-डुगडुगी बजाकर ग्रामीणों के बीच भी इसकी मुनादी कराई।
यह कार्रवाई जामताड़ा थाना कांड संख्या 18/2026 के तहत की गई है। मामले में सहरपुरा गांव निवासी सफाउल अंसारी और मिहिजाम थाना क्षेत्र के कोलपाड़ा गांव निवासी गुलाम अंसारी को आरोपी बनाया गया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी घटना के बाद से फरार चल रहे हैं और लगातार उनकी तलाश की जा रही है।
बुधवार को एएसआई संतोष गोस्वामी के नेतृत्व में पुलिस टीम दोनों आरोपियों के गांव पहुंची। पुलिस ने स्थानीय मुखिया और ग्रामीणों की मौजूदगी में आरोपियों के घर के दरवाजे पर न्यायालय द्वारा जारी इश्तहार चिपकाया। इसके बाद ढोल-डुगडुगी बजाकर गांव में इसकी सार्वजनिक रूप से सूचना दी गई।
पुलिस ने बताया कि इश्तहार चिपकाने की कार्रवाई माननीय न्यायालय के आदेश के अनुपालन में की गई है। इसके जरिए फरार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष उपस्थित होने का अवसर दिया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर दोनों आरोपी न्यायालय में हाजिर नहीं होते हैं तो उनके खिलाफ आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एएसआई संतोष गोस्वामी ने बताया कि आरोपियों को न्यायालय के समक्ष सरेंडर करने का पर्याप्त अवसर दिया जा रहा है। यदि वे समय सीमा के भीतर उपस्थित नहीं होते हैं तो नियमानुसार कुर्की-जब्ती की कार्रवाई समेत अन्य कानूनी कदम उठाए जाएंगे।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद फरार आरोपियों के बीच हड़कंप की स्थिति है। वहीं, पुलिस ने मामले में आगे भी नियमानुसार कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।







