भागलपुर। जिले के लोदीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत अगरपुर पंचायत के चौधरी टोला में चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। चोरों ने भुजंगी चौधरी के घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण, कांसे के बर्तन और नकद 27 हजार रुपये चोरी कर लिए। घटना के समय परिवार के सभी सदस्य भुजंगी चौधरी के इलाज के लिए मायागंज अस्पताल गए हुए थे। घर लौटने पर चोरी की जानकारी मिली, जिसके बाद परिवार में हड़कंप मच गया। पीड़ित परिवार ने लोदीपुर थाने में लिखित शिकायत देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
इलाज कराने गया था परिवार, पीछे से हुई चोरी
पीड़ित भुजंगी चौधरी की पत्नी प्रतिमा देवी के अनुसार, उनके पति पैरालिसिस से पीड़ित हैं और मायागंज अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। इसी कारण परिवार के सभी सदस्य घर में ताला लगाकर अस्पताल गए थे। इस दौरान चोरों ने बंद घर को निशाना बनाया और ताला तोड़कर अंदर प्रवेश कर गए।
सुबह पड़ोसियों ने फोन कर घर का ताला टूटे होने की सूचना दी। इसके बाद परिजन घर पहुंचे तो अंदर सामान बिखरा पड़ा था और आभूषण समेत अन्य कीमती सामान गायब थे।
सोने-चांदी के जेवर और कांसे के बर्तन चोरी
परिवार के मुताबिक, चोरी गए सामान में सोने की तीन नथ, दो बेसर, कान की बालियां, सोने की चकती सहित अन्य आभूषण शामिल हैं। इसके अलावा चांदी की दो जोड़ी पायल, गले का हार, बिछिया, अंगूठी, मठिया और कमरबंद समेत कई सामान भी चोरी हो गए। चोर घर में रखे कांसे के बर्तन और 27 हजार रुपये नकद भी ले गए।
बेटी की पढ़ाई पर भी संकट
इस घटना से परिवार को आर्थिक नुकसान के साथ भविष्य की चिंता भी सताने लगी है। भुजंगी चौधरी की बेटी स्नातक की पढ़ाई कर रही है। उसने बताया कि इंटरमीडिएट के दौरान मिली सरकारी छात्रवृत्ति की राशि में से बचाकर रखे गए 27 हजार रुपये भी चोरी हो गए। वह इस रकम का इस्तेमाल आगे की पढ़ाई के लिए करना चाहती थी, लेकिन अब उसके सामने आर्थिक परेशानी खड़ी हो गई है।
गांव में लगातार चोरी से ग्रामीण चिंतित
पंचायत के उपमुखिया प्रकाश चौधरी ने आरोप लगाया कि गांव में पिछले कुछ महीनों से लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने पुलिस और जिला प्रशासन से गश्त बढ़ाने तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
फिलहाल, पीड़ित परिवार ने पुलिस से चोरी गए सामान की बरामदगी और आरोपितों की पहचान करने की गुहार लगाई है। अब पुलिस जांच के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।





