
गोपालपुर। थाना क्षेत्र के सैदपुर स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय के छात्रावास में सोमवार देर शाम उस समय अफरातफरी मच गई, जब तीन छात्राओं ने गलती से फिनाइल से बनी चाय पी ली। चाय पीने के कुछ देर बाद दो छात्राओं को उल्टी और पेट दर्द की शिकायत हुई। घटना की जानकारी मिलते ही छात्रावास की अन्य छात्राओं ने वार्डन को सूचना दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वार्डन शीला कुमारी ने तीनों छात्राओं को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) गोपालपुर पहुंचाया। वहां चिकित्सक डॉ. मनीष कुमार ने छात्राओं का प्राथमिक उपचार किया। इसके बाद बेहतर इलाज के लिए तीनों को मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया गया। अस्पताल में इलाज के बाद तीनों छात्राओं की स्थिति ठीक बताई जा रही है। वार्डन ने भी छात्राओं के स्वस्थ होने की पुष्टि की है।
वार्डन शीला कुमारी के अनुसार, एक छात्रा ने कमरे की सफाई के लिए एक ग्लास में फिनाइल लाकर रखा था। इसी दौरान तीन छात्राओं ने ग्लास में रखे फिनाइल को दूध समझ लिया। इसके बाद वे ग्लास को लेकर किचन में पहुंचीं और उससे चाय बना ली। चाय पीने के कुछ देर बाद दो छात्राओं की तबीयत बिगड़ने लगी। अन्य छात्राओं ने तत्काल वार्डन को सूचना दी, जिसके बाद तीनों को अस्पताल ले जाया गया।
घटना की जानकारी छात्राओं के माता-पिता को भी दी गई। छात्रावास में घटना के बाद प्रबंधन के बीच भी हड़कंप मच गया। संचालक सह इंटरस्तरीय प्रोजेक्ट कन्या विद्यालय के प्रधानाध्यापक रमेश प्रसाद यादव ने बताया कि छात्रावास में करीब 100 छात्राओं का नामांकन है, जबकि फिलहाल लगभग 40 छात्राएं रह रही हैं। उन्होंने कहा कि घटना की जानकारी मिलने के बाद छात्राओं को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया और अब उनकी स्थिति ठीक है।
इधर, बाढ़ और कटाव के निरीक्षण के दौरान क्षेत्र में पहुंचे एसपी वैभव शर्मा को ग्रामीणों ने घटना की जानकारी दी। एसपी तत्काल छात्रावास पहुंचे और संचालक से पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने गोपालपुर थानाध्यक्ष रविशंकर सिंह को घटना की जांच करने का निर्देश दिया।
जिला शिक्षा पदाधिकारी ने भी मामले की जांच कराने की बात कही है। उन्होंने कहा कि जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद छात्रावास में सफाई सामग्री को सुरक्षित रखने और छात्राओं की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।





