भागलपुर। जिले में गंगा के बढ़ते जलस्तर के बीच बाढ़ का पानी अब एक के बाद एक प्रमुख सड़कों को अपनी चपेट में ले रहा है। NH-80 के बाद अब मुंगेर-मिर्जाचौकी ग्रीनफील्ड फोरलेन पर भी बाढ़ का पानी पहुंच गया है। जानकारी के मुताबिक, फोरलेन पर करीब 2 फीट तक पानी जमा हो गया है। वहीं, दो स्थानों पर सड़क के ऊपर से बाढ़ का पानी बह रहा है।
गंगा के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि के कारण आने वाले समय में स्थिति और गंभीर होने की आशंका जताई जा रही है। अगर पानी इसी रफ्तार से बढ़ता रहा तो ग्रीनफील्ड फोरलेन पर भी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद हो सकती है। ऐसा होने पर सिल्क सिटी भागलपुर का राजधानी पटना से सड़क संपर्क प्रभावित होने की आशंका बढ़ जाएगी।
वर्तमान में बाढ़ का असर जिले के कई इलाकों में देखने को मिल रहा है। प्रमुख सड़कों पर पानी पहुंचने के कारण लोगों की परेशानी लगातार बढ़ रही है। फोरलेन पर पानी का बहाव शुरू होने से वाहन चालकों के लिए भी खतरा बढ़ गया है। सड़क पर पानी की गहराई और बहाव का सही अंदाजा नहीं लग पाने के कारण दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
वहीं, NH-80 पर पहले से ही करीब 3 से 4 फीट तक पानी बह रहा है। ऐसे में अब ग्रीनफील्ड फोरलेन पर भी पानी पहुंचने के बाद लोगों की चिंता बढ़ गई है। आवागमन प्रभावित होने की स्थिति में रोजाना सफर करने वाले लोगों के साथ-साथ आवश्यक सेवाओं और सामान की आवाजाही पर भी असर पड़ सकता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी के बीच सड़क पर पानी का दबाव बढ़ता जा रहा है। ऐसे में प्रशासन और संबंधित विभागों को संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रखने की जरूरत है।
फिलहाल सभी की नजर गंगा के जलस्तर पर टिकी हुई है। आने वाले घंटों में पानी का स्तर कितना बढ़ता है, इसी पर फोरलेन और भागलपुर-पटना सड़क संपर्क की स्थिति काफी हद तक निर्भर करेगी।





