भागलपुर में जमीन विवाद ने लिया खूनी रूप, 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत; गोतिया पक्ष पर लाठी-डंडे से हमला करने का आरोप

भागलपुर। खरीक थाना क्षेत्र के तेलघी गांव में जमीन विवाद को लेकर एक 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान अति नंदन चौधरी के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है, जबकि गांव में तनाव का माहौल बताया जा रहा है।

 

Sponsored Advertisement

जानकारी के अनुसार, अति नंदन चौधरी का अपने गोतिया पक्ष के लोगों से जमीन को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। मंगलवार को वह अपने मवेशियों के बासा पर मौजूद थे। इसी दौरान उनके गोतिया पक्ष के सात-आठ लोग वहां पहुंचे और कथित तौर पर लाठी-डंडे से उन पर हमला कर दिया।

 

अचानक हुए हमले में अति नंदन चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के लोगों और परिजनों की मदद से उन्हें आनन-फानन में इलाज के लिए रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया। वहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया।

 

परिजन उन्हें लेकर मायागंज अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज शुरू किया गया। हालांकि, इलाज के दौरान अति नंदन चौधरी की मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

 

घटना की सूचना मिलने के बाद खरीक थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस जमीन विवाद से जुड़े पुराने विवाद और मारपीट की घटना के सभी पहलुओं की जानकारी जुटा रही है। साथ ही, घटना में शामिल बताए जा रहे लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

 

वहीं, जमीन विवाद में हुई इस मौत के बाद तेलघी गांव में तनाव का माहौल बताया जा रहा है। पुलिस की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना न हो।

 

फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि हमले की वास्तविक वजह क्या थी और घटना में कौन-कौन लोग शामिल थे। जमीन विवाद से जुड़े इस मामले ने एक बार फिर गांवों में लंबे समय से चले आ रहे भूमि विवादों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Posts

गंगा के बढ़ते जलस्तर के बीच राघोपुर बांध का औचक निरीक्षण, प्रभारी सचिव ने 24×7 निगरानी के दिए निर्देश

भागलपुर। मुख्यमंत्री के दिशा-निर्देश के आलोक में भागलपुर के प्रभारी सचिव दीपक आनंद, IAS ने बुधवार सुबह राघोपुर बांध और सामुदायिक रसोई का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जिले…

मुख्यमंत्री के प्रस्तावित भागलपुर दौरे की तैयारी तेज, डीएम-एसएसपी ने हेलिपैड स्थल का किया निरीक्षण

भागलपुर। बिहार के माननीय मुख्यमंत्री के प्रस्तावित भागलपुर आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *