जामताड़ा। भारतीय जनता पार्टी की ओर से चलाए जाने वाले सेवा संकल्प अभियान को लेकर सोमवार को बुद्धूडीह स्थित जिला भाजपा कार्यालय में जिला कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने की। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में प्रदेश मंत्री दिलीप वर्मा और जिला प्रभारी प्रदीप साहू मौजूद रहे।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए प्रदेश मंत्री दिलीप वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक के रूप में लगातार 25 वर्षों से निस्वार्थ भाव से देश की सेवा कर रहे हैं। उनके सेवा भाव को नमन करते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से प्रधानमंत्री के जन्मदिवस 17 सितंबर से 18 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान बूथ से लेकर जिला, प्रदेश और केंद्रीय स्तर तक विभिन्न जनसेवा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बूथ स्तर पर कार्यकर्ता मंदिरों में दीप जलाकर प्रधानमंत्री की दीर्घायु और स्वस्थ जीवन के लिए प्रार्थना करेंगे। इसके अलावा रक्तदान शिविर, अस्पतालों में मरीजों के बीच फल वितरण, विकसित भारत की थीम पर रंगोली प्रतियोगिता और आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के साथ मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
दिलीप वर्मा ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य समाज के जरूरतमंद लोगों तक सेवा और सहयोग पहुंचाना है। अभियान के तहत आशीर्वाद के दीप जलाने से लेकर मोटरसाइकिल यात्रा सहित कई कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने की अपील की।
वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्देश पर प्रधानमंत्री के जन्मदिवस 17 सितंबर से एक महीने तक सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न जनसेवा कार्यक्रम किए जाएंगे। इसी अभियान की तैयारियों और कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने के उद्देश्य से जिला कार्यशाला आयोजित की गई है।
कार्यशाला में पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक में अभियान को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं के बीच जिम्मेदारियां तय करने और कार्यक्रमों को व्यापक स्तर पर आयोजित करने को लेकर भी चर्चा की गई।
Location: Jamtara | Report: Santosh Kumar






