नए खनन कानून और चंदा चोरी के मुद्दे को लेकर गुरुवार को जामताड़ा में कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी के बैनर तले शहर के महात्मा गांधी चौक पर आयोजित जन-आक्रोश प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन का नेतृत्व झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने किया। महात्मा गांधी चौक पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने केंद्र सरकार पर झारखंड के अधिकारों को छीनने का आरोप लगाया। डॉ. अंसारी ने कहा कि केंद्र सरकार नए खनन कानून के जरिए झारखंड के खनिज और आर्थिक अधिकारों पर डाका डालना चाहती है, जिसे कांग्रेस किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी।
उन्होंने कहा कि यह लड़ाई सिर्फ किसी कानून के विरोध तक सीमित नहीं है, बल्कि झारखंड के हक, अधिकार और सम्मान की लड़ाई है। कांग्रेस राज्य में इस कानून को लागू नहीं होने देगी। उन्होंने कहा कि जनता के अधिकारों की लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक जारी रहेगी।
अपने चिर-परिचित अंदाज में भाजपा को चेतावनी देते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने कहा, “अभी तो झांकी है, पिक्चर अभी बाकी है।” उन्होंने केंद्र सरकार को युवाओं के लिए रोजगार और किसान व गरीबों के हित में कानून बनाने की नसीहत भी दी।
कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपिका बेसरा और कार्यकारी अध्यक्ष विजय दुबे ने भी केंद्र सरकार की नीतियों पर निशाना साधा। नेताओं ने कहा कि झारखंड के प्राकृतिक और खनिज संसाधनों पर पहला अधिकार यहां की जनता का है। कांग्रेस इस अधिकार की लड़ाई को मजबूती से जारी रखेगी।
प्रदर्शन के बाद कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन अनुमंडल पदाधिकारी के माध्यम से जिला उपायुक्त को सौंपा। ज्ञापन में विवादित खनन विधेयक को वापस लेने और झारखंड के खनिज एवं आर्थिक अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि केंद्र सरकार जब तक इस कानून पर पुनर्विचार नहीं करती, तब तक पार्टी का विरोध जारी रहेगा।






