बोकारो पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने सोमवार को बोकारो झरिया ओपी का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ओपी की कार्यप्रणाली, लंबित मामलों, अभिलेखों और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान नए थाना भवन के निर्माण को लेकर प्रस्ताव तैयार करने की प्रक्रिया भी शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बोकारो झरिया ओपी के लिए नए थाना भवन के निर्माण का प्रस्ताव लिया गया है। इसके लिए जमीन का निरीक्षण भी किया गया है। निरीक्षण से संबंधित रिपोर्ट तैयार कर पुलिस मुख्यालय भेजी जाएगी, ताकि आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर जल्द से जल्द नए थाना भवन का निर्माण कराया जा सके।
एसपी ने ओपी के शीरिस्ता में संधारित विभिन्न अभिलेखों और रिपोर्टों का भी अवलोकन किया। इसके साथ ही गुंडा रजिस्टर की जांच करते हुए क्षेत्र में सक्रिय बदमाशों के नाम रजिस्टर में दर्ज करने और उनके संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
निरीक्षण के दौरान लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन पर विशेष जोर दिया गया। एसपी ने थाना प्रभारी को निर्देश दिया कि लंबित मामलों का तेजी से अनुसंधान पूरा कर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि आवश्यक मामलों में स्पीड ट्रायल के माध्यम से कार्रवाई आगे बढ़ाई जा सके। इसके अलावा मालखाना से संबंधित लंबित मामलों के भी जल्द निष्पादन का निर्देश दिया गया।
वर्तमान में सावन का महीना और मिलाद-उन-नबी पर्व को देखते हुए जिले में पुलिस को अलर्ट मोड पर रखा गया है। पुलिस अधीक्षक ने स्थानीय पुलिस अधिकारियों को शांति और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय बेहद जरूरी है। स्थानीय पुलिसकर्मी जनता से बेहतर संबंध स्थापित करते हुए उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनें और आवश्यकता पड़ने पर उनका सहयोग प्राप्त करें। एसपी ने स्पष्ट किया कि बोकारो जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है।
संवाददाता – चंदन सिंह, बोकारो








