राखी के धागे से सड़क सुरक्षा का संदेश, बिना हेलमेट-सीट बेल्ट वालों को छात्राओं ने बांधी राखी

रक्षाबंधन से पहले धनबाद में सड़क सुरक्षा को लेकर अनोखा और भावनात्मक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। यहां छात्राओं ने वाहन चालकों की कलाई पर राखी बांधकर उन्हें यातायात नियमों के पालन का संकल्प दिलाया। अभियान का संदेश साफ है—राखी का रिश्ता सिर्फ भाई-बहन के प्यार तक सीमित नहीं, बल्कि जिंदगी की सुरक्षा से भी जुड़ा है।

 

Sponsored Advertisement

धनबाद उपायुक्त आदित्य रंजन और एसएसपी प्रभात कुमार के निर्देश पर जिला प्रशासन, यातायात पुलिस और शिक्षा विभाग की ओर से यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसमें कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस समेत विभिन्न विद्यालयों की 40 से अधिक छात्राएं शामिल हुईं।

 

छात्राएं हाथों में राखी, तिलक, फूल-माला और जागरूकता संदेश लिखे पोस्टर लेकर सड़कों पर पहुंचीं। इस दौरान बिना हेलमेट बाइक चला रहे और बिना सीट बेल्ट लगाए चार पहिया वाहन चलाने वाले लोगों को रोककर उनकी कलाई पर राखी बांधी गई। छात्राओं ने तिलक लगाया, फूल-माला पहनाई और उनसे यातायात नियमों का पालन करने का वचन लिया।

 

छात्राओं के पोस्टर पर लिखे संदेश लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं। इनमें लिखा है— “भैया मेरे राखी के बंधन को निभाना, जब भी वाहन चलाना, यातायात नियमों का पालन करना…” वहीं एक अन्य संदेश में कहा गया— “राखी बांधी है प्यार से, हेलमेट पहनना अगली बार से…”

 

अभियान के दौरान छात्राओं ने वाहन चालकों से हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, तेज रफ्तार से वाहन नहीं चलाने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। प्रशासन का कहना है कि अभियान का उद्देश्य केवल चालान काटना नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक कर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है।

 

धनबाद ट्रैफिक थाना प्रभारी जयप्रकाश ने बताया कि यह जागरूकता अभियान लगातार तीन दिनों तक चलेगा। इसके बाद भी नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

धनबाद में राखी का यह धागा अब भाई-बहन के प्रेम के साथ-साथ सड़क सुरक्षा और जिम्मेदारी का संदेश भी दे रहा है। छात्राओं की इस पहल से लोगों को भावनात्मक तरीके से यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने की कोशिश की गई है।

 

संवाददाता : राजेश कुमार धनबाद

Related Posts

भागलपुर के पीरपैंती में भीषण सड़क हादसा, स्कॉर्पियो की टक्कर से पांच लोग घायल, दो भागलपुर रेफर

भागलपुर। बिहार के भागलपुर जिले के पीरपैंती थाना क्षेत्र में देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। रिफातपुर बासा के पास तेज रफ्तार और अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने बाराहाट की…

मुंगेर-मिर्जाचौकी फोरलेन पर 16 चक्का ट्रक और टोटो में जोरदार टक्कर, चालक समेत दो घायल

भागलपुर: मुंगेर-मिर्जाचौकी फोरलेन से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। कहलगांव प्रखंड के रसलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चायटोला मोड़ के समीप 16 चक्का ट्रक और टोटो के…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *