सहरसा के सलखुआ थाना क्षेत्र से जमीन विवाद में एक मजदूर की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। उटेशरा पंचायत के बहुरवा गांव में रविवार दोपहर करीब एक बजे जमीन के पुराने विवाद को लेकर 38 वर्षीय अमित रजक की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है।
मृतक की पहचान बहुरवा गांव के वार्ड नंबर 7 निवासी स्वर्गीय छोटू रजक के पुत्र अमित रजक के रूप में हुई है। परिजनों ने पड़ोसी प्रीतम कुमार समेत अन्य लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है।
बताया जा रहा है कि अमित रजक का प्रीतम कुमार से जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। रविवार दोपहर इसी विवाद को लेकर अमित को कथित तौर पर घेर लिया गया। परिजनों का आरोप है कि करीब 8 से 10 लोगों ने उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट की। गंभीर चोट लगने के बाद अमित की मौके पर ही मौत हो गई।
अमित गांव में मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। वह दो भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। अमित अपने पीछे तीन छोटे बच्चों को छोड़ गया है, जिनमें पांच साल की बेटी और तीन तथा दो साल के दो बेटे शामिल हैं।
घटना की सूचना मिलते ही तीन थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। सिमरी बख्तियारपुर के प्रभारी डीएसपी धीरेंद्र कुमार पांडे और सलखुआ थाना पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया।
परिजनों ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। सलखुआ थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






