जमुई: बिहार के जमुई में साइबर थाना पुलिस ने साइबर ठगी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। बिहार-झारखंड सीमा से सटे चकाई थाना क्षेत्र के सरौन इलाके में चल रहे एक CSC सेंटर पर पुलिस ने छापेमारी कर दो संचालकों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई साइबर थाना की तकनीकी सेल से मिली जानकारी के आधार पर की गई।
साइबर डीएसपी अभिषेक कुमार ने बताया कि पुलिस की तकनीकी जांच में सामने आया कि उक्त CSC सेंटर से हर महीने करीब 30 सिम कार्ड जारी किए जाते थे। इनमें से लगभग 20 से 25 सिम कार्ड का इस्तेमाल कथित तौर पर साइबर अपराध में किया जा रहा था। इसके बाद पुलिस टीम ने तत्काल CSC सेंटर पर छापेमारी की और संचालक राजकुमार यादव तथा अरविंद यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। अपराध में संलिप्तता सामने आने के बाद दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
80 मोबाइल नंबरों से 125 लोगों को बनाया निशाना: पुलिस की जांच में पता चला कि इस नेटवर्क में करीब 80 मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल किया गया था। इन नंबरों के जरिए देशभर में लगभग 125 लोगों से साइबर ठगी की गई। अब तक की जांच के अनुसार पीड़ितों से करीब 13 से 14 लाख रुपये की ठगी की गई है।
पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर कई संदिग्ध मोबाइल नंबरों की भी जांच की जा रही है।
साइबर डीएसपी ने बताया कि जांच अभी जारी है और अन्य नंबरों की भी तकनीकी जांच की जा रही है। जैसे-जैसे नए तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि साइबर ठगी में शामिल सभी आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।





