पटना: राजधानी पटना के मनेर थाना के मुख्य प्रवेश द्वार के सामने शनिवार रात बाइक सवार तीन बदमाशों ने हथियार लहराते हुए हवाई फायरिंग कर दी। थाना के ठीक सामने गोली चलने की घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया, वहीं सड़क पर मौजूद राहगीरों और आसपास के लोगों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार रात करीब साढ़े आठ बजे तीन युवक बाइक पर सवार होकर मनेर थाना के मुख्य गेट के सामने पहुंचे। आरोप है कि तीनों ने हथियार लहराया और दहशत फैलाने के इरादे से एक राउंड हवाई फायरिंग की। इसके बाद तीनों बाइक से तेज रफ्तार में दानापुर की ओर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही मनेर थानाध्यक्ष रजनीश के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बदमाशों का पीछा शुरू कर दिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए करीब 30 मिनट के अंदर लगभग 12 किलोमीटर तक पीछा किया और छितनावां नई सड़क के पास तीनों आरोपियों को घेरकर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों की तलाशी ली, जिसमें एक देसी कट्टा और एक कारतूस बरामद किया गया। घटना में इस्तेमाल की गई बाइक को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनेर थाना क्षेत्र के रामनगर निवासी गौतम कुमार, दानापुर गोला पर निवासी गोविंद कुमार और गोलू कुमार के रूप में हुई है।
दानापुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार झा ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। पूछताछ के बाद तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक इतिहास और हथियार की सप्लाई से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि फायरिंग के पीछे उनका मकसद क्या था और इस घटना में कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं।





