बेतिया के लौरिया थाना क्षेत्र में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि आधे दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। हादसा बेतिया-लौरिया मुख्य मार्ग पर पराउ टोला बनकटवा के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार बस और ट्रक के बीच टक्कर से बचने की कोशिश में बस सड़क किनारे चल रहे आर्केस्ट्रा कार्यक्रम में जा घुसी।
दरअसल, बनकटवा निवासी शत्रुघ्न दुबे के घर बच्चे के छठियार का कार्यक्रम चल रहा था। इसी मौके पर सड़क किनारे आर्केस्ट्रा का आयोजन किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। इसी दौरान गोरखपुर की ओर से बेतिया जा रही यात्री बस और सामने से आ रहे ट्रक के बीच आमने-सामने की स्थिति बन गई। दोनों वाहनों को बचाने के प्रयास में बस अनियंत्रित होकर कार्यक्रम में जा घुसी।
हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान बहादुर महतो, संजय कुमार, भोला दुबे, देवेंद्र दुबे और छांगुर राम के रूप में हुई है। सबसे दर्दनाक बात यह रही कि मृतकों में देवेंद्र दुबे भी शामिल हैं, जिनके बच्चे का छठियार कार्यक्रम चल रहा था।
हादसे में विनय कुमार यादव, श्याम बाबू, मोती चंद्र महतो और नरेश राम समेत कई लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से बेतिया जीएमसीएच पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आक्रोशित लोगों ने बस और ट्रक में तोड़फोड़ भी की। सूचना मिलते ही लौरिया थाना पुलिस और नरकटियागंज एसडीपीओ जयप्रकाश सिंह मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर शांत कराया।
पुलिस ने पांचों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसडीपीओ के मुताबिक, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है। हादसे ने सड़क किनारे आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।






