भोजपुर: बिहार के भोजपुर जिले में शुक्रवार की सुबह एक बड़ी वारदात सामने आई है। चौरी थाना क्षेत्र के भीखमपुर गांव में दो पक्षों के बीच चल रहे विवाद को सुलझाने पहुंचे वार्ड सदस्य की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
मृतक की पहचान भीखमपुर गांव निवासी 45 वर्षीय अशोक सिंह के रूप में हुई है। वह अगिआंव प्रखंड के डिलिया पंचायत के वार्ड संख्या 11 के निर्वाचित वार्ड सदस्य थे। बताया जा रहा है कि शुक्रवार की सुबह गांव में किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था। विवाद बढ़ता देख अशोक सिंह दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने और मामला शांत कराने के लिए वहां पहुंचे थे।
इसी दौरान विवाद में शामिल एक पक्ष के लोगों ने अशोक सिंह पर गोली चला दी। अपराधियों ने उन्हें काफी नजदीक से बाएं कंधे में गोली मारी। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। परिजन और स्थानीय लोग उन्हें इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
घटना के दौरान अशोक सिंह के साथ मौजूद उनके दो चचेरे भतीजों कृष्ण सिंह और बलिराम सिंह पर भी हमला किया गया। आरोप है कि दोनों को लाठी-डंडों से पीटकर घायल कर दिया गया। दोनों घायलों को इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही चौरी थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है और घटना से जुड़े लोगों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि वार्ड सदस्य अशोक सिंह की हत्या की गई है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। घटना में जो भी लोग दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।





