
सहरसा नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 11 स्थित नया बाजार में शुक्रवार को बाबू चंदू सिंह पथ का उद्घाटन बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री सह सहरसा जिले के प्रभारी मंत्री मिथिलेश कुमार तिवारी ने किया। उद्घाटन समारोह में जिलाधिकारी दीपेश कुमार, महापौर बैन प्रिया संजीव झा, नगर आयुक्त प्रभात कुमार झा, उपनगर आयुक्त शाहिद रज्जा खान, स्वच्छता प्राधिकारी, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि सहित नगर निगम के कई पदाधिकारी, कर्मी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
उद्घाटन के बाद प्रभारी मंत्री मिथिलेश कुमार तिवारी ने कहा कि शहर के विकास में आधारभूत सुविधाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। नगर निगम की ओर से सड़क, स्वच्छता, आवागमन और जनसुविधा से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ कराया जा रहा है। योजनाबद्ध तरीके और बेहतर समन्वय के साथ विकास कार्य होने से आम नागरिकों को सुविधाओं का सीधा लाभ मिलता है।
प्रभारी मंत्री ने बाबू चंदू सिंह के परिवार की सराहना करते हुए कहा कि सहरसा के प्रतिष्ठित व्यक्तियों में बाबू चंदू सिंह का महत्वपूर्ण स्थान रहा है। उनके परिवार के कई सदस्य आज विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर रहकर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि शहर में महंगी जमीन को आम लोगों के आवागमन और सुविधा के लिए उपलब्ध कराना परिवार की सामाजिक सोच और योगदान को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि बाबू चंदू सिंह के नाम पर पथ का नामकरण होना गौरव की बात है। इससे उनका नाम सहरसा शहर की स्मृतियों में हमेशा जुड़ा रहेगा। मंत्री ने इस पहल के लिए परिवार के सदस्यों को धन्यवाद दिया।
नगर निगम की ओर से बताया गया कि शहरवासियों को बेहतर सड़क, स्वच्छता, आवागमन सहित अन्य आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं। निगम का लक्ष्य योजनाबद्ध तरीके से सहरसा का समग्र विकास करना है।
संवाददाता – इन्द्रदेव जी





