वैशाली में ठेकेदार की गोली मारकर हत्या, सुबह टहलने निकले थे रामनरेश राय

बिहार के वैशाली जिले में गुरुवार की सुबह बेखौफ बदमाशों ने एक ठेकेदार की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना सदर थाना क्षेत्र के दिघी खुर्द स्थित नया टोला इलाके की है। मृतक की पहचान रामनरेश राय के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रामनरेश राय सुबह अपने घर के पास टहलने के लिए निकले थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।

 

Sponsored Advertisement

वैशाली के पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा के मुताबिक बदमाशों ने रामनरेश राय को करीब आठ गोलियां मारीं। गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

 

पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा, एक कारतूस और मृतक का क्षतिग्रस्त मोबाइल फोन बरामद किया है। वहीं, वारदात के बाद फरार हुए बदमाशों की पहचान के लिए घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

 

प्रारंभिक जांच में पुलिस को हत्या के पीछे भूमि विवाद की आशंका है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि रामनरेश राय का गांव के ही एक स्थानीय परिवहन संचालक के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इस मामले में अदालत में मुकदमा भी चल रहा था और रामनरेश राय ने यह मुकदमा जीत लिया था। अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि कहीं इसी भूमि विवाद के कारण उनकी हत्या तो नहीं की गई।

 

रामनरेश राय लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (पीएचईडी) समेत कई सरकारी विभागों में ठेकेदार के तौर पर काम करते थे। पुलिस हत्या के सभी संभावित कारणों की जांच कर रही है।

 

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर स्थानीय थाना पुलिस, सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-1 और जिला खुफिया इकाई के कर्मियों को शामिल कर विशेष संयुक्त टीम गठित की गई है। टीम आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि विस्तृत जांच के बाद ही हत्या के वास्तविक कारण और वारदात में शामिल अपराधियों का खुलासा हो सकेगा।

 

Related Posts

अभिजीत सिंह हत्याकांड की निष्पक्ष जांच और एसआईटी गठन की मांग, भाजपा नेताओं ने एसपी को सौंपा आवेदन

सहरसा। भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला महामंत्री अभिजीत सिंह राजपूत की हत्या के मामले में निष्पक्ष और त्वरित जांच की मांग तेज हो गई है। भाजपा नेताओं ने पुलिस…

पीएम आवास योजना की सूची पर उठे सवाल, पंचायतों के मुखिया ने मांगी अपात्र परिवारों की सूची

भागलपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (PMAY-G) आवास प्लस 2024 के सर्वे और लाभार्थियों की सूची को लेकर सबौर प्रखंड की विभिन्न पंचायतों के मुखियाओं ने प्रखंड विकास पदाधिकारी से अपात्र परिवारों…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *