मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर में रविवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के अघोरिया बाजार स्थित एक आइस कोल्ड स्टोरेज में अचानक अमोनिया गैस का रिसाव शुरू हो गया। गैस के रिसाव की सूचना मिलते ही आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। हालांकि, कोल्ड स्टोरेज कर्मियों और अग्निशमन विभाग की तत्परता से समय रहते स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया और बड़ा हादसा टल गया।

तेजी से होने लगा गैस का रिसाव: बताया जा रहा है कि कोल्ड स्टोरेज में अचानक अमोनिया गैस का तेजी से रिसाव होने लगा। इसकी सूचना तुरंत अग्निशमन विभाग को दी गई। जानकारी मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव का काम शुरू किया गया। इसी दौरान कोल्ड स्टोरेज के कर्मचारियों ने रिसाव वाले वाल्व को बंद कर दिया। इसके बाद अग्निशमन कर्मियों ने पानी की बौछार कर गैस के प्रभाव को कम करने का प्रयास किया।

Sponsored Advertisement

आसपास के पौधे भी झुलसे: गैस रिसाव का असर आसपास के इलाके में भी देखने को मिला। अमोनिया गैस के प्रभाव से आसपास लगे कुछ हरे पौधे झुलस गए। घटना के बाद कुछ समय तक इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

कांवरिया मार्ग से महज 30 मीटर दूर: सबसे बड़ी चिंता की बात यह रही कि जिस स्थान पर गैस का रिसाव हुआ, वह रामदयालु से बाबा गरीबनाथ मंदिर जाने वाले कांवरिया मार्ग से महज करीब 30 मीटर की दूरी पर है। सावन के महीने में इस मार्ग से बड़ी संख्या में कांवरिया गुजर रहे हैं। ऐसे में अगर समय रहते गैस रिसाव पर काबू नहीं पाया जाता, तो बड़ी संख्या में लोगों के प्रभावित होने की आशंका थी।

अग्निशमन विभाग ने क्या कहा?: अग्निशमन विभाग के कर्मचारी विश्वजीत कुमार ने बताया कि अघोरिया बाजार के पास अमोनिया गैस रिसाव की सूचना मिली थी। टीम तुरंत दो दमकल गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंची। रिसाव वाले वाल्व को बंद कर दिया गया और स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया। उन्होंने बताया कि घटना में किसी तरह की जान-माल की क्षति या किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

अमोनिया गैस का अधिक मात्रा में रिसाव स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकता है। इसके संपर्क में आने से आंखों, त्वचा और श्वसन तंत्र पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। हालांकि, समय रहते कार्रवाई होने से मुजफ्फरपुर में एक बड़ा हादसा टल गया।

Related Posts

असिस्टेंट प्रोफेसर बहाली की मांग को लेकर शोधार्थियों का आमरण अनशन, 6 दिन से जारी आंदोलन

असिस्टेंट प्रोफेसर बहाली की मांग को लेकर शोधार्थियों का आमरण अनशन, 6 दिन से जारी आंदोलन

खगड़िया में फर्जी IAS अधिकारी के घर छापा, ‘भारत सरकार’ बोर्ड वाली Tesla समेत विदेशी शराब और बारहसिंघा के सींग बरामद

खगड़िया में फर्जी IAS अधिकारी के घर छापा, ‘भारत सरकार’ बोर्ड वाली Tesla समेत विदेशी शराब और बारहसिंघा के सींग बरामद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *