भागलपुर पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अकबरनगर थाना क्षेत्र से 2 किलो 400 ग्राम गांजा बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने एक युवक, उसकी मां समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि श्रावणी मेले के दौरान नशे के कारोबार पर पूरी तरह शिकंजा कसने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।
वीओ
भागलपुर के अकबरनगर थाना क्षेत्र स्थित हरियो टोला पानी टंकी के समीप पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर अवैध गांजा कारोबार का खुलासा किया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 2 किलो 400 ग्राम गांजा बरामद किया। मामले में सागर कुमार, उसकी मां शीला देवी और शकुंतला देवी को गिरफ्तार किया गया है।
सिटी एसपी अतुलेश झा ने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अवैध शराब और मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। विशेष रूप से श्रावणी मेला को देखते हुए सभी थाना क्षेत्रों में संदिग्ध स्थानों और मादक पदार्थों के हॉटस्पॉट पर लगातार छापेमारी की जा रही है ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई हो।
उन्होंने बताया कि अकबरनगर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि हरियो टोला स्थित एक घर में अवैध गांजा की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घर की घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही घर में मौजूद लोग भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन जवानों ने तत्परता दिखाते हुए पीछा कर तीनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान घर से 2 किलो 400 ग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा की खेप कहां से लाई जाती थी, इसकी सप्लाई किन-किन इलाकों में की जाती थी और इस अवैध कारोबार में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
फिलहाल तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जिले में मादक पदार्थों के कारोबार पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।








