बेलहर से लौट रहे युवक को अपराधियों ने मारी गोली, गंभीर हालत में मायागंज अस्पताल रेफर

बांका जिले के खेसर थाना क्षेत्र में गुरुवार को दिनदहाड़े अपराधियों ने एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। साहबगंज–बांका मुख्य मार्ग स्थित रामसरैया मोड़ के पास हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही खेसर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया गया।

 

Sponsored Advertisement

घायल की पहचान बांका थाना क्षेत्र के तेलिया पंचायत अंतर्गत मटुकचक गांव निवासी 35 वर्षीय विक्रम सिंह, पिता श्रीधर सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि विक्रम सिंह अपने ससुराल बेलहर थाना क्षेत्र के लौढ़िया गांव से बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे। जैसे ही वह रामसरैया मोड़ स्थित नहर पुल के समीप पहुंचे, पहले से घात लगाए बैठे अज्ञात अपराधियों ने उन पर अचानक फायरिंग कर दी।

 

गोली विक्रम सिंह की कमर के ऊपर दाहिनी ओर लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घटना की सूचना पुलिस को दी। संयोगवश उस समय रामसरैया मोड़ के पास गश्त कर रही खेसर थाना पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, फुल्लीडुमर पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया।

 

घटना के बाद पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और अपराधियों की पहचान के साथ-साथ गोलीबारी के कारणों का पता लगाने में जुटी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि घटना के पीछे पुरानी रंजिश, आपसी विवाद या कोई अन्य कारण है।

 

पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की तैयारी की जा रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोग अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

 

संवाददाता: रजनीश कुमार, भागलपुर

  • Related Posts

    बाढ़ के पानी में पांच की मौत

    बाढ़ के पानी में पांच की मौत

    हीलिंग टच अस्पताल में मरीज की मौत पर हंगामा, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप

    हीलिंग टच अस्पताल में मरीज की मौत पर हंगामा, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *