सागर हत्याकांड का खुलासा: पत्नी पर अभद्र टिप्पणी से नाराज आरोपी ने की हत्या, कुएं से मिला शव

बोकारो जिले के चंदनकियारी थाना क्षेत्र के बरमसिया ओपी अंतर्गत 19 वर्षीय युवक सागर कुमार की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। मामले में पुलिस ने आरोपी मानिक मांझी को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार कर ली, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर पुलिस ने आगड्डीह गांव के समीप सिद्धाटांड़ जंगल स्थित एक पुराने कुएं से सागर कुमार का शव बरामद किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

 

पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और हत्या में प्रयुक्त डंडा भी बरामद कर जब्त कर लिया है। बरामदगी के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और मामले की आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।

 

चास के एएसपी वेदांत शंकर ने प्रेस वार्ता में बताया कि प्रारंभिक जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी मानिक मांझी अपनी पत्नी पर सागर कुमार द्वारा कथित रूप से की जाने वाली अभद्र टिप्पणियों से काफी नाराज था। इसी रंजिश के कारण उसने सागर कुमार को बहाने से एक सुनसान स्थान पर बुलाया। वहां पीछे से डंडे से उसके सिर पर जोरदार वार किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

 

हत्या के बाद आरोपी ने साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव को सिद्धाटांड़ जंगल स्थित एक पुराने कुएं में फेंक दिया। हालांकि पुलिस ने तकनीकी जांच, पूछताछ और स्थानीय सूचनाओं के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ते हुए आरोपी तक पहुंच बनाई। हिरासत में लिए जाने के बाद आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद शव और हत्या में प्रयुक्त सामान बरामद कर लिया गया।

 

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छिपाने सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए भेज दिया है। इस खुलासे के बाद मृतक के परिजनों ने दोषी को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच अभी जारी है और सभी पहलुओं की गंभीरता से पड़ताल की जा रही है।

 

संवाददाता: चंदन सिंह, बोकारो

Related Posts

जननेता एके राय की सातवीं पुण्यतिथि पर उमड़ा जनसैलाब, नेताओं ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

जननेता एके राय की सातवीं पुण्यतिथि पर उमड़ा जनसैलाब, नेताओं ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

5 साल का बकाया पड़ा भारी: धनबाद नगर निगम ने हीरापुर हटिया की चार दुकानों पर लगाया ताला

5 साल का बकाया पड़ा भारी: धनबाद नगर निगम ने हीरापुर हटिया की चार दुकानों पर लगाया ताला

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *