बक्सर में सरपंच की पीट-पीटकर हत्या, जमीन विवाद बना खूनी संघर्ष; सड़क जाम कर परिजनों का हंगामा, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग


बिहार के बक्सर जिले में जमीन विवाद ने एक बार फिर खूनी रूप ले लिया। इटाढ़ी थाना क्षेत्र में कुकढ़ा पंचायत के सरपंच सुभाष सिंह की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर चौसा-मोहनिया स्टेट हाईवे जाम कर दिया। लोग आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, कड़ी कार्रवाई और थाना प्रभारी को हटाने की मांग कर रहे हैं।
घटना इटाढ़ी थाना क्षेत्र के चिलबिला गांव की है। जानकारी के अनुसार कुकढ़ा पंचायत के सरपंच सुभाष सिंह का अपने पट्टीदारों के साथ वर्षों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। शुक्रवार को विवादित खेत की जुताई के लिए एक पक्ष पहुंचा, जिसका दूसरे पक्ष ने विरोध किया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हिंसक झड़प में बदल गई और लाठी-डंडे चलने लगे।
इसी दौरान सुभाष सिंह पर कई लोगों ने मिलकर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल होने के बाद वह खेत में ही बेहोश होकर गिर पड़े। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाने की कोशिश की गई, लेकिन उनकी मौत हो गई। घटना की खबर फैलते ही गांव में तनाव का माहौल बन गया।
हत्या से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर चौसा-मोहनिया स्टेट हाईवे जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। परिजनों ने आरोप लगाया कि यदि समय रहते पुलिस ने विवाद पर कार्रवाई की होती तो यह घटना नहीं होती। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और थाना प्रभारी को बर्खास्त करने की मांग की। कुछ परिजनों ने आरोपियों के एनकाउंटर की भी मांग उठाई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शन जारी रहा। नगर थाना प्रभारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि जमीन विवाद में हुई मारपीट में सरपंच की मौत हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि कानून के अनुसार दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Posts

सहरसा के एक ही परिवार के तीन भाई-बहनों ने NEET में रचा इतिहास, किराना दुकानदार के बच्चों ने मेहनत से पाई सफलता

सहरसा के एक ही परिवार के तीन भाई-बहनों ने NEET में रचा इतिहास, किराना दुकानदार के बच्चों ने मेहनत से पाई सफलता

इंडो-नेपाल क्रिकेट चैंपियनशिप में भारत का ऐतिहासिक खिताब, बिहार के भूषण की शानदार पारी पर स्कूल क्रिकेट एसोसिएशन ने दी बधाई

इंडो-नेपाल क्रिकेट चैंपियनशिप में भारत का ऐतिहासिक खिताब, बिहार के भूषण की शानदार पारी पर स्कूल क्रिकेट एसोसिएशन ने दी बधाई

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *