सहरसा लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के सहरसा जिला संसदीय बोर्ड के जिला उपाध्यक्ष अमन कुमार का सड़क दुर्घटना में असामयिक निधन हो गया। इस घटना के बाद परिजनों, दोस्तों और समर्थकों में शोक की लहर है। वहीं हादसे की परिस्थितियों को लेकर कई सवाल भी खड़े हो रहे हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, अमन कुमार किसी कार्य से पंचवटी चौक के आसपास आए थे। बताया जा रहा है कि वह दूध के व्यवसाय से जुड़े थे और इसी सिलसिले में क्षेत्र में पहुंचे थे। देर रात वापस लौटने के दौरान उनका सड़क हादसा हो गया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतक के मित्र राहुल कुमार ने बताया कि रात में उन्हें अमन के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही वह अपने साथियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उनके अनुसार, अमन सड़क पर गंभीर अवस्था में पड़े थे। आसपास बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे और पुलिस की एक गश्ती टीम भी मौके पर थी, लेकिन किसी ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाने की पहल नहीं की। इसके बाद राहुल और उनके साथियों ने अमन को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
राहुल कुमार ने यह भी दावा किया कि हादसे के समय अमन के साथ मौजूद विकास कुमार का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह घटनास्थल से भागता हुआ दिखाई दे रहा है। उनका कहना है कि विकास कुमार के सामने आने और उससे पूछताछ होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक जानकारी सामने आ सकेगी। फिलहाल प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है, लेकिन घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच जरूरी है।
बताया गया कि अमन कुमार का मूल निवास सहरसा जिले के महापुरा गांव में था। वह सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय रहने के साथ-साथ दूध के व्यवसाय से भी जुड़े हुए थे। उनके निधन से परिवार, समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं में गहरा शोक व्याप्त है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों, घटनास्थल की परिस्थितियों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट तस्वीर सामने आ सकेगी।
संवाददाता: इन्द्रदेव जी, सहरसा






