बोकारो में अंतरराज्यीय साइबर ठग गिरोह का भंडाफोड़, 9 आरोपी गिरफ्तार; लाखों के लेन-देन की जांच शुरू

बोकारो पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश किया है। प्रतिबिंब ऐप से प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने साइबर थाना, तकनीकी शाखा तथा स्थानीय पुलिस के सहयोग से सेक्टर-12 और माराफारी थाना क्षेत्र के बारी को-ऑपरेटिव स्थित राजेंद्र नगर में संयुक्त छापेमारी की। इस कार्रवाई में साइबर ठगी से जुड़े गिरोह के 9 सदस्यों को गिरफ्तार किया गया।

 

Sponsored Advertisement

पुलिस के अनुसार, इस मामले में साइबर थाना कांड संख्या 24/2026 दर्ज किया गया है। आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), दूरसंचार अधिनियम-2023 तथा सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

 

पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने साइबर अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि गिरोह के सदस्य खुद को कभी ट्रैवल एजेंट तो कभी बैंक अधिकारी बताकर लोगों को अपने झांसे में लेते थे। इसके बाद विभिन्न तरीकों से लोगों की गोपनीय बैंकिंग जानकारी हासिल कर उनसे ठगी की घटनाओं को अंजाम देते थे।

 

छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10 मोबाइल फोन, 10 डेबिट कार्ड, 18 बैंक पासबुक, 3 चेकबुक, 9 सिम कार्ड तथा 43,100 रुपये नकद बरामद किए हैं। जांच के दौरान कुछ बैंक खातों में लाखों रुपये के संदिग्ध लेन-देन की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस ने ऐसे खातों को होल्ड कर दिया है और वित्तीय लेन-देन की गहन जांच की जा रही है।

 

बोकारो पुलिस का कहना है कि इस गिरोह के तार अन्य राज्यों से भी जुड़े हो सकते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके नेटवर्क की पहचान के लिए विस्तृत अनुसंधान जारी है। पुलिस ने आम नागरिकों, विशेषकर मकान मालिकों से अपील की है कि किसी भी किरायेदार को रखने से पहले उसका पुलिस सत्यापन अवश्य कराएं, ताकि साइबर अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

 

संवाददाता: चंदन सिंह, बोकारो

  • Related Posts

    गोविंदपुर में रफ्तार का कहर: ऑटो पलटने से महिला की मौत, NHAI की ट्रैफिक व्यवस्था पर उठे सवाल

    धनबाद। गोविंदपुर थाना क्षेत्र में शनिवार देर शाम दिल्ली-कोलकाता नेशनल हाईवे पर कालारडीह मोड़ के पास तेज रफ्तार ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ऑटो के नीचे दबने से…

    झारखंड के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू का निधन, अचानक सीने में दर्द के बाद अस्पताल में ली अंतिम सांस

    झारखंड के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू का निधन, अचानक सीने में दर्द के बाद अस्पताल में ली अंतिम सांस

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *