मोतिहारी के कस्तूरबा विद्यालय में खाने में मिली छिपकली, 12 छात्राओं की तबीयत बिगड़ी; अस्पताल में कराया गया भर्ती


बिहार के मोतिहारी जिले से एक चिंताजनक मामला सामने आया है। संग्रामपुर प्रखंड स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में मंगलवार रात छात्राओं के भोजन में छिपकली मिलने से हड़कंप मच गया। भोजन करने के बाद कई छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद विद्यालय की भोजन व्यवस्था और स्वच्छता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, संग्रामपुर प्रखंड के दमड़ी असर्फी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में संचालित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में छात्राओं को रोज की तरह रात का भोजन परोसा गया था। भोजन के दौरान एक छात्रा की थाली में छिपकली दिखाई दी। तब तक कई छात्राएं खाना खा चुकी थीं। कुछ ही देर बाद कई बच्चियों को पेट दर्द, उल्टी और घबराहट की शिकायत होने लगी। स्थिति को देखते हुए विद्यालय प्रशासन ने तुरंत भोजन वितरण रोक दिया और प्रभावित छात्राओं को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा।

अस्पताल में भर्ती छात्राओं में मेनका कुमारी, शिल्पी कुमारी, जहाना खातून, रागिनी कुमारी, अंशु कुमारी और रूपा कुमारी समेत अन्य छात्राएं शामिल हैं। ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. धीरज कुमार ने बताया कि सभी छात्राओं का इलाज किया गया है। फिलहाल किसी की स्थिति गंभीर नहीं है और सभी डॉक्टरों की निगरानी में खतरे से बाहर हैं।

Sponsored Advertisement

छात्रा मेनका कुमारी ने बताया कि उसकी थाली में छिपकली मिली थी और भोजन करने के बाद उसके पेट में दर्द शुरू हो गया। विद्यालय में कुल 87 छात्राएं नामांकित हैं, जिनमें से घटना के समय 73 छात्राएं छात्रावास में मौजूद थीं। सूचना मिलने पर कई अभिभावक भी अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने सभी छात्राओं की हालत सामान्य होने की जानकारी दी।

घटना के बाद विद्यालय की रसोई, भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों और अभिभावकों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। प्रशासन ने कहा है कि प्राथमिकता छात्राओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा है। अब यह जांच की जाएगी कि भोजन में छिपकली कैसे पहुंची। यदि जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आती है, तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

  • Related Posts

    शिक्षक सम्मान समारोह के मंच पर सहरसा जिलाधिकारी ने ली शिक्षकों की क्लास, सवालों में फंसे तो मिली सुधार की सख्त हिदायत

    शिक्षक दिवस के अवसर पर सहरसा में आयोजित सम्मान समारोह उस समय चर्चा में आ गया, जब जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने बेस्ट टीचर अवार्ड पाने वाले शिक्षकों की मंच पर…

    नाथनगर में चारे के ढेर में लगी भीषण आग, दमकल ने एक घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू

    भागलपुर। नाथनगर थाना क्षेत्र के पुरानी सराय मोड़ के समीप शुक्रवार देर रात मवेशियों के चारे के ढेर में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *