बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में नामांकन दाखिल करने के साथ ही जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर की संपत्ति का पूरा ब्यौरा सार्वजनिक हो गया है। चुनाव आयोग को दिए गए हलफनामे के अनुसार प्रशांत किशोर और उनकी पत्नी डॉ. जाह्नवी दास के पास कुल करीब 198 करोड़ रुपये की संपत्ति है। नामांकन के बाद प्रशांत किशोर ने इसे सिर्फ चुनाव नहीं, बल्कि बिहार में व्यवस्था परिवर्तन की लड़ाई बताया।
हलफनामे के मुताबिक प्रशांत किशोर के नाम पर करीब 96 करोड़ रुपये की संपत्ति दर्ज है। इसमें लगभग 22.19 करोड़ रुपये की चल और करीब 73 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति शामिल है। उन पर 5.77 करोड़ रुपये का बैंक ऋण भी है, जबकि उन्होंने अपनी कंपनी वेधा वेंचर्स को 8.31 करोड़ रुपये का कर्ज दिया है।
प्रशांत किशोर के नाम बिहार, पटना, नई दिल्ली और गाजियाबाद में कई अचल संपत्तियां दर्ज हैं। वहीं उनकी पत्नी डॉ. जाह्नवी दास के नाम करीब 112 करोड़ रुपये की संपत्ति है, जिसमें 89 करोड़ रुपये की चल और लगभग 12 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति शामिल है। उनके नाम गुवाहाटी और नोएडा में भी संपत्तियां हैं। उन्होंने प्रशांत किशोर को 41 लाख रुपये का व्यक्तिगत ऋण भी दिया है।
हलफनामे में प्रशांत किशोर के खिलाफ आठ लंबित आपराधिक मामलों का भी उल्लेख है। इनमें मानहानि, सरकारी कार्य में बाधा और धोखाधड़ी जैसे आरोप शामिल हैं। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया है कि किसी भी मामले में अभी अदालत द्वारा आरोप तय नहीं किए गए हैं।
चुनावी दस्तावेजों के अनुसार वेधा वेंचर्स ने वर्ष 2024-25 में जन सुराज को 10 करोड़ रुपये का चंदा दिया, जबकि जन सुराज फाउंडेशन को 50 लाख और ‘जॉय ऑफ गिविंग’ संस्था को 2.75 करोड़ रुपये का योगदान भी दर्ज है।
बांकीपुर सीट भाजपा नेता नितिन नवीन के इस्तीफे के बाद खाली हुई है। इस हाई-प्रोफाइल उपचुनाव में भाजपा ने नीरज कुमार सिन्हा, राजद ने रेखा गुप्ता और तेज प्रताप की पार्टी ने वीणा मानवी को उम्मीदवार बनाया है।
नामांकन के बाद समर्थकों को संबोधित करते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि यह सिर्फ उनका चुनाव नहीं, बल्कि बिहार में नई राजनीति और व्यवस्था परिवर्तन की शुरुआत है। उन्होंने जनता से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी की अपील की।






