
भोजपुर जिले में रविवार को दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। बिहिया थाना क्षेत्र के टिपुरा गांव के पास बाइक से घर लौट रहे एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश को घटना की वजह मान रही है। मामले में एक नामजद आरोपी के घर से हथियार भी बरामद किया गया है, जबकि उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।
मृतक की पहचान जगदीशपुर थाना क्षेत्र के रूपबांध गांव निवासी 35 वर्षीय राजेश यादव के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक राजेश अपनी मां का इलाज कराने बिहिया गया था। इलाज के बाद वह बाइक से घर लौट रहा था, तभी टिपुरा गांव के पास बदमाशों ने उसे घेर लिया और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने के बाद गंभीर रूप से घायल राजेश को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार राजेश यादव हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आया था। उसके खिलाफ फायरिंग, हत्या के प्रयास, रंगदारी समेत करीब एक दर्जन आपराधिक मामले दर्ज थे।
जगदीशपुर एसडीपीओ पंकज मिश्रा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में टिपुरा निवासी योगेंद्र यादव पर गोली चलाने का आरोप सामने आया है। पुलिस ने आरोपी के घर से एक पिस्तौल और मैगजीन बरामद की है। शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश की बात सामने आई है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
वहीं, मृतक के चाचा का कहना है कि राजेश अपनी मां को दवा दिलाकर लौट रहा था, तभी रास्ते में उसे घेरकर गोली मार दी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि नामजद आरोपी के अलावा कुछ अन्य लोग भी इस हमले में शामिल थे। उनका कहना है कि हमले की साजिश पहले से रची गई थी।
घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आरा सदर अस्पताल भेज दिया है। एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया है और घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।





