भागलपुर में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। ताजा मामला मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र के नूरपुर गांव का है, जहां दिनदहाड़े बदमाशों ने एक घर में घुसकर महिला और उसकी बेटी को बंधक बना लिया और लाखों रुपये के जेवर व नकदी लूटकर फरार हो गए। इस दुस्साहसिक वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, रविशंकर कुमार की पत्नी नीतू देवी घर के बाहर खड़ी थीं। इसी दौरान तीन से चार युवक वहां पहुंचे और किसी बहाने से उन्हें घर के अंदर ले गए। घर में प्रवेश करते ही बदमाशों ने उनकी आंखों पर पट्टी बांध दी और अलमारी की चाबी मांगने लगे। बदमाशों ने महिला को डराकर अलमारी खुलवाई और घर में रखे कीमती सामान की तलाश शुरू कर दी।
इसी बीच स्कूल से नीतू देवी की बेटी घर पहुंची। बदमाशों ने उसे भी पकड़कर एक तरफ बैठा दिया और किसी को कुछ नहीं बताने की धमकी दी। इसके बाद अपराधियों ने अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवर, नकद रुपये और अन्य कीमती सामान समेट लिया। जाते-जाते बदमाश घर का मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गए, जिसे कुछ दूरी पर फेंककर फरार हो गए।
बदमाशों के जाने के बाद नीतू देवी किसी तरह बाहर निकलीं और शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मधुसूदनपुर थाना पुलिस और सिटी एसपी घटनास्थल पर पहुंचे तथा पूरे मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ-साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है। वरीय पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सिटी एसपी के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया है। पुलिस का दावा है कि तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय सूचना के आधार पर बदमाशों की पहचान की जा रही है और जल्द ही पूरे लूटकांड का खुलासा कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुटी हुई है।






