झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत धनबाद जिले की 3 लाख 46 हजार 91 महिलाओं के बैंक खातों में अप्रैल से जून 2026 तक की तीन माह की सम्मान राशि एकमुश्त हस्तांतरित कर दी गई है। इस अवधि में कुल 259 करोड़ 56 लाख 82 हजार 500 रुपये का भुगतान किया गया है। वहीं मुख्यमंत्री सर्वजन पेंशन योजना के तहत भी करीब 1 लाख 97 हजार 205 लाभुकों के खातों में 60 करोड़ 96 लाख रुपये से अधिक की राशि डीबीटी के माध्यम से भेजी गई है।
प्रशासन के अनुसार मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और उनकी दैनिक जरूरतों को पूरा करने में सहयोग देना है। योजना के तहत धनबाद जिले के सभी प्रखंडों और अंचलों की स्वीकृत लाभार्थी महिलाओं को अप्रैल, मई और जून 2026 की राशि सीधे उनके बैंक खातों में भेजी गई है। इससे लाभुकों को बिना किसी बिचौलिये के समय पर आर्थिक सहायता मिल सकी है।
इसी तरह मुख्यमंत्री सर्वजन पेंशन योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (अप्रैल से जून) की पेंशन राशि भी लाभुकों के खातों में सफलतापूर्वक हस्तांतरित कर दी गई। इस योजना के तहत वृद्धजन, दिव्यांग, विधवा एवं अन्य पात्र लाभार्थियों को नियमित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
धनबाद के उपायुक्त आदित्य रंजन ने बताया कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि सभी पात्र लाभुकों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचे। उन्होंने कहा कि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) प्रणाली के माध्यम से सीधे बैंक खातों में राशि भेजे जाने से पारदर्शिता बढ़ी है और महिलाओं व पेंशनधारियों का सरकारी योजनाओं पर भरोसा भी मजबूत हुआ है।
प्रशासन का कहना है कि मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना और सर्वजन पेंशन योजना के तहत करोड़ों रुपये की राशि सीधे खातों में पहुंचने से जिले के लाखों परिवारों को आर्थिक राहत मिली है। आने वाले समय में भी सभी पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जाता रहेगा।






