सहरसा में भीषण सड़क हादसा: दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, महिला की मौत; पति और मासूम बेटी गंभीर घायल

सहरसा जिले के सोनवर्षा राज थाना क्षेत्र अंतर्गत डुमरा चौक के समीप बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 26 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति और तीन वर्षीय बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर के कारण हुआ। दुर्घटना के बाद दूसरी बाइक का चालक अपनी गाड़ी मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।

 

मृतका की पहचान बैजनाथपुर थाना क्षेत्र के रामपुर वार्ड संख्या-3 निवासी श्यामल साह की पत्नी ममता कुमारी (26) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार ममता अपने पति और तीन वर्षीय पुत्री फूलों कुमारी के साथ बाइक से सोनवर्षा राज थाना क्षेत्र के केदली गांव अपने भाई की शादी में शामिल होने जा रही थीं। इसी दौरान डुमरा चौक के पास सामने से आ रही एक तेज रफ्तार अज्ञात बाइक ने उनकी बाइक में सीधी टक्कर मार दी।

 

टक्कर इतनी भीषण थी कि ममता सड़क पर गिरकर किनारे पड़े पत्थर से जा टकराईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पति श्यामल साह और तीन वर्षीय बेटी फूलों कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गए। बच्ची के सिर में गंभीर चोट आई है और उसका इलाज अस्पताल में जारी है। दोनों घायलों की स्थिति पर चिकित्सकों की नजर बनी हुई है।

 

परिजनों ने बताया कि ममता तीन बहनों में सबसे छोटी थीं। उनकी शादी करीब पांच वर्ष पहले हुई थी और उनकी एक तीन वर्षीय बेटी है। भाई की शादी की खुशियां मातम में बदल जाने से पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी घटना के बाद शोक का माहौल है।

 

घटना की सूचना मिलते ही सोनवर्षा राज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना अध्यक्ष नागमणि ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त दोनों बाइकों को जब्त कर लिया गया है। फरार बाइक चालक की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

 

संवाददाता: इन्द्रदेव जी, सहरसा

Related Posts

सहरसा सौर बाजार थाना में नशा मुक्ति अभियान, थाना प्रभारी सुबोध कुमार ने लोगों को दिलाई नशा छोड़ने की शपथ

सहरसा सौर बाजार थाना में नशा मुक्ति अभियान, थाना प्रभारी सुबोध कुमार ने लोगों को दिलाई नशा छोड़ने की शपथ

सहरसा नगर निगम में सफाईकर्मियों का हल्लाबोल, विभिन्न मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन, नगर आयुक्त को सौंपा ज्ञापन

सहरसा नगर निगम में सफाईकर्मियों का हल्लाबोल, विभिन्न मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन, नगर आयुक्त को सौंपा ज्ञापन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *