बोकारो जिले के चास प्रखंड स्थित काला पत्थर में खिलाड़ियों के लिए एक बड़ी सौगात मिलने जा रही है। क्षेत्र में खेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए डीएमएफटी (जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट) फंड से बनने वाले अत्याधुनिक इनडोर स्टेडियम का शिलान्यास बोकारो विधायक श्वेता सिंह ने किया। इस परियोजना के पूरा होने से स्थानीय खिलाड़ियों को आधुनिक खेल सुविधाएं अपने ही जिले में उपलब्ध हो सकेंगी।
परियोजना के प्रथम चरण में करीब 9.31 करोड़ रुपये की लागत से लगभग 2.5 एकड़ भूमि पर आधुनिक इनडोर स्टेडियम का निर्माण कराया जाएगा। निर्माण कार्य को पूरा करने के लिए लगभग 18 माह का समय निर्धारित किया गया है। स्टेडियम का निर्माण आधुनिक मानकों के अनुरूप किया जाएगा ताकि खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं मिल सकें।
प्रस्तावित इनडोर स्टेडियम में बास्केटबॉल कोर्ट, बैडमिंटन कोर्ट, स्विमिंग पूल, मेडिटेशन सेंटर, कैफेटेरिया सहित कई अत्याधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके अलावा खिलाड़ियों के प्रशिक्षण, अभ्यास और विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए भी बेहतर व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
परियोजना का दूसरा चरण भी काफी महत्वाकांक्षी है। इसके तहत अलग से चिन्हित करीब ढाई एकड़ भूमि पर आधुनिक आउटडोर स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा। इससे एथलेटिक्स, फुटबॉल, क्रिकेट और अन्य आउटडोर खेलों के लिए भी खिलाड़ियों को बेहतर बुनियादी ढांचा मिलेगा।
स्थानीय खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने इस परियोजना का स्वागत किया है। उनका मानना है कि अब प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रशिक्षण के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। इससे न केवल समय और खर्च की बचत होगी, बल्कि जिले की उभरती खेल प्रतिभाओं को अपने ही क्षेत्र में बेहतर अवसर और संसाधन उपलब्ध होंगे।
खेल विशेषज्ञों का भी मानना है कि इस आधुनिक खेल परिसर के निर्माण से बोकारो जिले में खेल संस्कृति को नई पहचान मिलेगी और भविष्य में यहां से राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार होने की संभावनाएं और मजबूत होंगी।
संवाददाता: चंदन सिंह, बोकारो





