सहरसा: निर्माणाधीन पुल बना परेशानी का कारण, जलभराव से चाही टोला के सैकड़ों परिवार घरों में कैद, कलवर्ट लगाने की मांग

सहरसा जिले के नवहट्टा प्रखंड अंतर्गत खड़का तेलवा पंचायत के वार्ड संख्या 7 और 8 में निर्माणाधीन पुल के समीप जल बहाव की गंभीर समस्या से स्थानीय ग्रामीणों का जनजीवन प्रभावित हो गया है। पश्चिमी दिशा में बसे चाही टोला के सैकड़ों परिवार जलभराव के कारण अपने ही घरों में कैद होकर रहने को मजबूर हैं। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण कार्य के दौरान जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं किए जाने से यह स्थिति उत्पन्न हुई है।

 

Sponsored Advertisement

स्थानीय लोगों के अनुसार, नदी के तेज बहाव के बीच उन्हें रोजमर्रा के कार्यों के लिए जान जोखिम में डालकर आवागमन करना पड़ रहा है। बच्चों को स्कूल जाने, मरीजों को अस्पताल पहुंचाने, किसानों को खेतों तक जाने तथा लोगों को बाजार आने-जाने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में यह समस्या और भी गंभीर हो जाती है, जिससे हर समय किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है।

 

ग्रामीणों का आरोप है कि यदि निर्माणाधीन पुल के समीप एक कलवर्ट लगाकर जल निकासी की व्यवस्था कर दी जाए, तो पानी का बहाव नियंत्रित हो सकता है और लोगों को सुरक्षित रास्ता मिल जाएगा। उनका कहना है कि कलवर्ट उपलब्ध होने के बावजूद संवेदक की लापरवाही और मनमानी के कारण उसे नहीं लगाया जा रहा है, जिससे आम लोगों की परेशानियां लगातार बढ़ रही हैं।

 

ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है। उनका कहना है कि जल निकासी की उचित व्यवस्था कर कलवर्ट का निर्माण कराया जाए, ताकि चाही टोला के सैकड़ों परिवारों को राहत मिल सके और उन्हें अपनी जान जोखिम में डालकर नदी पार करने की मजबूरी से छुटकारा मिल सके।

 

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं निकाला गया तो वे आंदोलन करने को विवश होंगे। अब सभी की निगाहें जिला प्रशासन और संबंधित विभाग की कार्रवाई पर टिकी हैं।

 

  • Related Posts

    सहरसा में उत्साह और उमंग के साथ संपन्न हुआ ‘मटका फोड़’ कार्यक्रम, शिवम फौजी फैक्ट्री ने हासिल किया प्रथम स्थान

    सहरसा: शहर के शिवपुरी, वार्ड नंबर-05 में श्री कृष्ण युवा शक्ति समिति की ओर से आयोजित पारंपरिक ‘मटका फोड़’ कार्यक्रम हर्षोल्लास और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में स्थानीय…

    बिहार में बाढ़ का कहर: 13 जिलों में 28 लाख आबादी प्रभावित, 200 सड़कें डूबीं

    पटना: बिहार में गंगा, गंडक, कोसी, सोन समेत कई नदियों के उफान पर होने से बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। विभिन्न स्रोतों के अनुसार राज्य के 13 जिलों…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *